Government job scam
Government job scam
राजधानी लखनऊ में बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ितों की शिकायत के बाद यह पूरा मामला उजागर हुआ, जिसमें फर्जी एनजीओ के नाम पर बड़ी रकम वसूलने का आरोप लगा है.
पीड़ितों के अनुसार आरोपियों ने स्वयं को स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा बताकर 'बेक फाउंडेशन' और 'जीवन पथ फाउंडेशन' नाम के एनजीओ दिखाए. कहा गया कि इन एनजीओ को क्षय रोग (टीबी) जागरूकता अभियान से जुड़ा सरकारी काम मिला है और इसके लिए कई पदों पर भर्ती की जानी है. युवाओं को 31,500 रुपये से लेकर 90,000 रुपये तक की मासिक सैलरी का लालच दिया गया. भर्ती में शामिल होने के लिए हर अभ्यर्थी से 90 हजार से 1 लाख 10 हजार रुपए तक जमा कराया गया.
करीब 150 युवाओं से वसूला गया एक करोड़ रुपए से ज्यादा
पीड़ितों ने बताया कि इसी तरीके से गोरखपुर, देवरिया और महाराजगंज के करीब 150 लोगों से लगभग एक करोड़ रुपए वसूल लिए गए. पैसे जमा कराने के बाद चयनित लोगों को विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने महानगर के एक होटल में ट्रेनिंग भी आयोजित की. ट्रेनिंग के बाद उन्हें नियुक्ति पत्र दे दिए गए और बताया गया कि जल्द ही टीबी जागरूकता अभियान के तहत फील्ड वर्क शुरू करना है.
फील्ड पर पहुंचने के बाद खुला घोटाला
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद जब चयनित युवक-युवतियां अपने-अपने जिलों में फील्ड पर पहुंचे, तो वहां स्वास्थ्य विभाग ने जांच के दौरान बताया कि ऐसा कोई अभियान या भर्ती चल ही नहीं रही है. तभी पीड़ितों को समझ आया कि वह बड़े फर्जीवाड़े का शिकार हो चुके हैं.
आरोपी फरार, दफ्तर पर ताला मिला
धोखाधड़ी का पता लगने के बाद जब पीड़ितों ने आरोपियों से संपर्क करना चाहा, तो उनके सभी मोबाइल फोन बंद मिले. विकास नगर स्थित जिस दफ्तर का पता पहले दिया गया था, वहां जाकर देखा तो वहां ताला लटका हुआ था. इससे स्पष्ट हो गया कि पूरी योजना पहले से तैयार की गई थी और पैसे वसूलने के बाद आरोपी फरार हो गए.
डीसीपी से शिकायत, केस दर्ज
पीड़ितों ने तुरंत डीसीपी से शिकायत की, जिसके बाद विकासनगर थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. इस मामले में गोरखपुर, देवरिया और महाराजगंज के कई पीड़ित शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है, साक्ष्यों की जांच की जा रही है और विवेचना पूरी होने के बाद आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट- आशीष श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें