शादी के लिए पिता ने नहीं दी जमीन, तो बेटे ने मां के साथ मिलकर जो किया उसमें उड़ा दिए लोगों के होश

कलयुगी बेटों ने अपने ही पिता को जमीन न देने पर मौत के घाट उतार दिया. इस वारदात में बेटों के साथ मां भी शामिल थी. हालांकि पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्यवाही कर रही है.

पुलिस के हिरासत में आरोपी
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 30 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:56 PM IST

यूपी के कौशांबी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. महेवाघाट थाना क्षेत्र के अजरौली गांव में शादी के लिए जमीन न मिलने से नाराज दो बेटों ने अपनी ही मां के साथ मिलकर पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. घटना 28 मार्च की है. हत्या के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने सिर्फ 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया और मृतक की पत्नी कलुटिया, बेटा लवलेश और झुरई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

हत्या से पहले घर में चल रहा था जमीन को लेकर विवाद
मृतक नाथन सरोज (60) की दो पत्नियां थीं. पहली पत्नी कलुटिया से उनके दो बेटे लवलेश और झुरई हैं, जबकि दूसरी पत्नी सावित्री अलग रहती थी. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि नाथन ने तीन–चार साल पहले करीब सवा बीघा जमीन अपनी दूसरी पत्नी सावित्री के नाम लिख दी थी. अब वे बची हुई ढाई बीघा जमीन भी उसी के नाम करना चाहते थे. इसी बात से पहली पत्नी और उसके बेटे बहुत नाराज थे. जमीन बांटने को लेकर घर में काफी समय से तनाव चल रहा था, जिसने आखिरकार हत्या का रूप ले लिया.

कुल्हाड़ी से काटकर की गई हत्या
पुलिस के मुताबिक, जमीन न मिलने से क्रोधित दोनों बेटों और मृतक की पत्नी ने मिलकर नाथन सरोज पर कुल्हाड़ी से हमला किया और मौके पर उनकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे. पुलिस टीम ने छापेमारी करते हुए 24 घंटे के अंदर लवलेश, झुरई और कलुटिया को लौगावा नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया.

आरोपियों ने कबूला जुर्म
एसपी राजेश कुमार के अनुसार गिरफ्तार तीनों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. बड़े बेटे लवलेश ने बताया कि उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष हो गई है, लेकिन उसके नाम जमीन न होने के कारण उसकी शादी के रिश्ते बार-बार टूट जाते थे. वह कई बार अपने पिता से कह चुका था कि जो जमीन बची है उसे उसके नाम कर दिया जाए, लेकिन नाथन सरोज ऐसा करने को तैयार नहीं थे. इसी गुस्से और हताशा में दोनों बेटों और मां ने मिलकर हत्या कर दी.

परिवार में मातम, गांव में सनसनी
घटना के बाद से ही पूरे गांव में सनसनी फैली हुई है. लोग हैरान हैं कि जमीन जैसे विवाद में एक परिवार इस हद तक बिखर सकता है कि बेटे और पत्नी मिलकर ही पिता की जान ले लें. वहीं मृतक के घर में पत्नी और दोनों बेटों की गिरफ्तारी के बाद मातम पसरा हुआ है.

 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED