बिहार के मुजफ्फरपुर से एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जहां बेखौफ चोरों ने मंदिर को ही निशाना बना डाला. सदर थाना क्षेत्र के पताही जगन्नाथ स्थित प्रसिद्ध बाबा भद्रेश्वर नाथ मंदिर में देर रात चोरों ने दान पेटी समेत कई कीमती सामान चुरा लिए. बताया जा रहा है कि घटना रात करीब ढाई बजे की है.
चोर बड़े ही इत्मीनान से मंदिर परिसर में दाखिल हुए और आराम से सामान समेटते रहे. हैरानी की बात यह है कि जब सामान ज्यादा हो गया, तो मुख्य आरोपी ने फोन कर अपने साथियों को बुलाया. कुछ ही देर में लाल रंग का मालवाहक ऑटो मंदिर के पास पहुंचा, जिसमें चोरों ने दान पेटी और अन्य सामान लादकर फरार हो गए.
सुबह जब स्थानीय लोग मंदिर पहुंचे, तो दान पेटी गायब और परिसर अस्त-व्यस्त मिला. घटना से इलाके में आक्रोश है. हालांकि, चोरी गई नकदी और सामान का अभी सही आकलन नहीं हो पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि दान पेटी में अच्छी-खासी रकम थी. मामले की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों और ऑटो की पहचान की जा सके.
मामले की जांच जारी
सदर थानेदार अस्मित कुमार ने बताया कि अभी तक मंदिर समिति की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि चोरों ने घंटों तक वारदात को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
रिपोर्टर: मनीभूषण शर्मा
ये भी पढ़ें: