बिहार के समस्तीपुर में एकतरफा प्यार की सनक ने 15 साल की छात्रा की जान ले ली. आरोप है कि शादी से इनकार करने पर आरोपी युवक ने पहले फोन पर छात्रा को जान से मारने की धमकी दी और अगले ही दिन स्कूल जाते समय बीच सड़क पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने वैनी थाने पर हमला कर दिया और पुलिस के साथ झड़प भी हुई. बाद में एसपी के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई.
फोन पर दी थी धमकी, अगले दिन कर दी हत्या
मृतक छात्रा की पहचान समस्तीपुर जिले के वैनी-पूसा स्थित कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय की 12वीं की छात्रा सोनम कुमारी (15) के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, गांव का ही बबलू साह नाम का युवक उससे एकतरफा प्यार करता था और शादी का दबाव बना रहा था. किसी तरह उसने सोनम का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया था. परिजनों का कहना है कि रविवार को आरोपी ने सोनम को फोन कर शादी करने की बात कही. जब परिवार ने नाबालिग होने और अलग जाति का हवाला देकर इनकार कर दिया तो आरोपी ने फोन पर धमकी दी कि अगर शादी नहीं की तो गोली मार देगा और पूरे परिवार को फंसा देगा.
स्कूल जाते समय बीच सड़क पर बरसाईं गोलियां
सोमवार सुबह सोनम रोज की तरह साइकिल से स्कूल जा रही थी. आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे बबलू साह ने बाइक से उसका पीछा किया. वैनी थाना क्षेत्र के केजिया गांव के पास उसने साइकिल रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से सोनम की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया.
हत्या के बाद भड़का गुस्सा, थाने पर हमला
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने वैनी थाना के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. इस दौरान भीड़ ने थाने पर हमला कर दिया और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की व झड़प भी हुई. हालात बिगड़ने पर एसपी अरविंद प्रताप सिंह और सदर डीएसपी संजय कुमार पांडे मौके पर पहुंचे. आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद लोगों ने प्रदर्शन खत्म किया.
सदर डीएसपी संजय कुमार पांडे ने बताया कि घटनास्थल से चार खोखे बरामद हुए हैं. परिवार ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसी आधार पर जांच आगे बढ़ रही है. एफएसएल टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है. पुलिस ने मामले को चुनौती मानते हुए एसआईटी गठित करने और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है. परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: