Advertisement

हमउम्र दोस्त के साथ बैडमिंटन खेलना भारी पड़ा, शटलकॉक नाली में गिरी तो शुरू हुई लड़ाई, 11 साल के बच्चे ने 9 साल के बच्चे को चाकू से मारा

बताया जा रहा है कि जसपुर के छिपियान मोहल्ले में कुछ बच्चे बैडमिंटन खेल रहे थे. इसी दौरान शटलकॉक गंदे पानी की नाली में गिर गई. 11 वर्षीय ईशान ने शटलकॉक उठाई और स्कूटी पर बैठे दूसरे बच्चे की ओर मार दी.

Badminton
रमेश चंद्रा
  • उधम सिंह नगर ,
  • 03 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:36 PM IST
  • बैडमिंटन खेलते-खेलते हुआ विवाद
  • 9 साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या

उत्तराखंड उधम सिंह नगर में खेल के दौरान मामूली बात पर बच्चों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक बच्चे की जान चली गई. जसपुर के छिपियान मोहल्ले में बैडमिंटन खेलते समय शटलकॉक नाली के गंदे पानी में गिरने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया. आरोप है कि विवाद के दौरान एक 11 वर्षीय बच्चे ने 9 वर्षीय ईशान पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल ईशान की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई.

नाली में गिरी शटलकॉक से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि जसपुर के छिपियान मोहल्ले में कुछ बच्चे बैडमिंटन खेल रहे थे. इसी दौरान शटलकॉक गंदे पानी की नाली में गिर गई. 9 वर्षीय ईशान ने शटलकॉक उठाई और स्कूटी पर बैठे दूसरे बच्चे की ओर मार दी. इसके बाद दूसरे बच्चे ने भी शटलकॉक वापस मारी. बात यहीं नहीं रुकी और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया.

रैकेट के बाद निकला चाकू
विवाद के दौरान ईशान ने कथित तौर पर बैडमिंटन रैकेट से दूसरे बच्चे पर वार कर दिया. इसके बाद स्कूटी पर बैठे बच्चे ने कथित तौर पर जेब से चाकू निकाल लिया और ईशान के सीने पर वार कर दिया. चाकू लगते ही ईशान लहूलुहान हो गया.

मेडिकल स्टोर पहुंचते ही बेहोश होकर गिरा
घायल ईशान मदद के लिए गली के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पहुंचा. वहां पट्टी कराने के दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि बच्चों के बीच हुए विवाद और मारपीट की पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है.

बच्चों के बीच बढ़ती हिंसा ने खड़े किए सवाल
पढ़ने-लिखने और खेलने-कूदने की उम्र में बच्चों के बीच मामूली विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना कई सवाल खड़े करता है. महज खेल के दौरान शुरू हुई कहासुनी एक बच्चे की जान जाने तक पहुंच गई. घटना यह सोचने पर मजबूर करती है कि बच्चों के आसपास बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों और आपराधिक गतिविधियों का उनकी सोच पर कितना असर पड़ रहा है.

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement