जालंधर के करतारपुर थाने के अधीन आने वाले एक इलाके में एक महिला को जबरदस्ती हार्पिक पिलाने की कोशिश की गई. दरअसल हार्पिक पिलाने के पीछे महिला को मारने की मंशा थी. जिन लोगोंने महिला को हार्पिक पिलाने की कोशिश की थी उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
दरअसल महिला को हार्पिक पिलाने वाले कोई और नहीं बल्कि उसका पति और सास ही हैं. दोनों के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है. हार्पिक पिलाने के बाद महिला को गंभीर हालत में जालंधर के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया. जिसके बाद वहां से उसकी सास और पति उसकी 6 साल की बेटी को लेकर फरार हो गए. पीड़िता की पहचान करतारपुर में रहने वाले उमंग बस्सी की पत्नी नेहा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक कि महिला का मायका धूरी में है. उसके परिजनों की शिकायत के बाद आरोपी पति और सास के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. दोनों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस टीमें छापे मार रही हैं. अभी महिला की हालत नाजुक है. महिला ने जज के सामने अपने बयान लिखित तौर पर दिया है.
महिला की हालत खतरे से बाहर होने और वेंटिलेटर से उतरने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि फिर किसी महिला की जिंदगी इस तरह से खतरे में न आ सके.
आरोप हैं कि महिला के पति के किसी दूसरी लड़की के साथ अवैध संबंध थे. जिसे लेकर पति-पत्नी में विवाद रहता था. इसे के चलते महिला को हार्पिक पिला रास्ते से हटाने की कोशिश की गई.
इस मामले को लेकर थाना करतारपुर की पुलिस ने पति उमंग बस्सी और उसकी मां के खिलाफ BNS की धारा 123 109 ओर 85 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
- देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट