डोसे का स्वाद हो जाएगा दोगुना! घर पर आसानी से बनाएं ये 3 तरह की लाजवाब चटनियां, उंगलियां चाटते रह जाएंगे मेहमान

जब भी आप रेस्टोरेंट गए होंगे आपने देखा होगा की होटल वाला डोसा के साथ आपको 3 चटनियां सर्व करता है. इन चटनियों को बनाना कोई बड़ा काम नहीं है, बल्कि आप भी इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं. कुछ मिनटों में यह बन कर तैयार हो जाती हैं और खाने में भी टेस्टी होती हैं.

डोसे की चटनी रेसिपी
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 12 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:29 AM IST
  • इस खास डोसे की चटनी को जरूर ट्राय करें
  • बनाना है आसान और खाने में लाजवाब

साउथ इंडिया का फेमस डोसा तो आपने जरूर खा रखा होगा, लेकिन आज हम आपको उसके साथ परोसी जाने वाली चटनियों को बनाना सिखाएंगे. डोसे के साथ मिलने वाली चटनी डोसे का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. आमतौर पर नारियल, टमाटर और मूंगफली की चटनी डोसे के साथ सबसे ज्यादा पसंद की जाती हैं. इन तीनों चटनियों का स्वाद अलग-अलग होता है और इन्हें घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं इन तीनों चटनियों को घर पर बनाने की आसान और टेस्टी रेसिपी.

1. नारियल की चटनी बनाने का सामान

  • 1 कप ताजा कद्दूकस किया नारियल
  • 2 हरी मिर्च
  • 1 छोटा टुकड़ा अदरक
  • 2 बड़े चम्मच भुनी चना दाल
  • नमक- स्वादानुसार
  • थोड़ा सा पानी
  • तड़के के लिए 1 छोटा चम्मच राई, 6 से 7 करी पत्ते, 1 सूखी लाल मिर्च और 1 छोटा चम्मच तेल

इस तरह बनाएं नारियल की चटनी
सबसे पहले मिक्सर में नारियल, हरी मिर्च, अदरक, भुनी चना दाल, नमक और थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह पीस लें. जरूरत के अनुसार थोड़ा और पानी डालकर चटनी को गाढ़ा रखें.

अब एक छोटे पैन में तेल गर्म करें. इसमें राई डालें, जब राई चटकने लगे तो करी पत्ते और सूखी लाल मिर्च डाल दें. फिर तड़का तैयार करें और इसे चटनी के ऊपर डाल दें. इससे चटनी की खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं.

2. टमाटर की चटनी बनाने का सामान

  • 3 मिडियम साइज के टमाटर
  • 1 प्याज बारीक कटा
  • 2 सूखी लाल मिर्च
  • 2 लहसुन की कलियां
  • 1 छोटा चम्मच इमली का गूदा
  • नमक- स्वादानुसार
  • 1 बड़ा चम्मच तेल

इस तरह करें टमाटर की चटनी तैयार 
एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें सूखी लाल मिर्च और लहसुन को भून लें. इसके बाद इसमें कटा हुआ प्याज डालकर सुनहरा होने तक पकाएं. अब कटे हुए टमाटर को डालकर तब तक पकाएं जब तक वे पूरी तरह गल न हो जाए.
जब सब गल तो गैस बंद करके ठंडा होने दें. थोड़ा ठंडा हो जाए तो इसमें इमली और नमक डालकर मिक्सर में पीस लें. यह चटनी खट्टी और थोड़ी मसालेदार होती है, जो डोसे के साथ बहुत अच्छी लगती है.

3. मूंगफली की चटनी बनाने का सामान 

  • आधा कप भुनी हुई मूंगफली
  • 2 हरी मिर्च
  • 2 लहसुन की कलियां
  • 1 छोटा चम्मच नींबू का रस
  • नमक- स्वादानुसार
  • थोड़ा पानी
  • तड़के के लिए 1 छोटा चम्मच राई, 5 से 6 करी पत्ते और 1 चम्मच तेल

चटनी बनाने का तरीका
मिक्सर में मूंगफली, हरी मिर्च, लहसुन, नमक और पानी डालकर पीस लें. जरूरत के अनुसार पानी डालकर चटनी को गाढ़ा या पतला रख सकते हैं. अंत में इसमें नींबू का रस मिलाएं.

तड़के के लिए एक पैन में तेल गर्म करके राई और करी पत्ते का तड़का लगाएं और इसे चटनी पर डाल दें.

इन तीनों चटनियों को गरमागरम डोसे के साथ परोसें. नारियल की चटनी ताजगी से भरी होती है, टमाटर की चटनी खट्टी और मसालेदार स्वाद देती है, वहीं मूंगफली की चटनी डोसे को एक अलग स्वाद से भर देती है. अगली बार जब भी डोसा बनाएं, जरा सा वक्त निकाल कर इन चटनियों को जरूर ट्राय करें. 

 

ये भी पढ़ें 


 

Read more!

RECOMMENDED