गर्मियों के मौसम में तेज धूप और यूवी किरणों का असर सबसे पहले हमारी त्वचा पर दिखाई देता है. लंबे समय तक धूप में रहने से चेहरे पर टैनिंग, कालापन और डलनेस की समस्या बढ़ जाती है. इससे छुटकारा पाने के लिए कई लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स, ब्लीच और पार्लर ट्रीटमेंट का सहारा लेते हैं. हालांकि, इन पर काफी खर्च आता है और कई बार इनमें मौजूद केमिकल्स त्वचा को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं. अच्छी बात यह है कि टैनिंग हटाने के लिए आपको ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. आपकी रसोई में मौजूद कुछ साधारण चीजें ही त्वचा की खोई चमक वापस ला सकती हैं.
टमाटर से दूर होगी जिद्दी टैनिंग
टमाटर सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि त्वचा की देखभाल के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसमें लाइकोपीन और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो धूप से प्रभावित त्वचा को राहत देने में मदद करते हैं. साथ ही इसमें मौजूद विटामिन-सी चेहरे की रंगत निखारने और दाग-धब्बों को हल्का करने में सहायक होता है.
कैसे करें इस्तेमाल?
एक पके हुए टमाटर को बीच से काट लें. इसके टुकड़े को चेहरे और टैनिंग वाले हिस्से पर 5 से 10 मिनट तक हल्के हाथों से रगड़ें. इसके बाद रस को 15 मिनट तक लगा रहने दें और फिर ठंडे पानी से चेहरा धो लें.
कच्चा आलू कम करेगा कालापन
कच्चा आलू भी टैनिंग दूर करने का एक प्रभावी घरेलू उपाय माना जाता है. इसमें कैटेकोलेज नामक एंजाइम पाया जाता है, जो त्वचा को प्राकृतिक रूप से हल्का करने में मदद करता है. यह चेहरे के कालेपन, पिगमेंटेशन और सनटैन को कम करने में उपयोगी माना जाता है.
कैसे करें इस्तेमाल?
एक आलू को कद्दूकस करके उसका रस निकाल लें. इस रस को रुई की मदद से चेहरे और गर्दन पर लगाएं. करीब 20 मिनट बाद चेहरे को साफ पानी से धो लें. चाहें तो आलू के पतले टुकड़ों को सीधे त्वचा पर भी रगड़ सकते हैं.
दही देगा ठंडक और चमक
धूप के कारण त्वचा में जलन और रूखापन भी आ जाता है. ऐसे में दही त्वचा को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ निखार देने का काम करता है. दही में मौजूद लैक्टिक एसिड मृत त्वचा कोशिकाओं को हटाने में मदद करता है और त्वचा को मुलायम बनाता है.
कैसे करें इस्तेमाल?
दो चम्मच दही में एक चुटकी हल्दी मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इसे चेहरे पर 15 मिनट तक लगाएं. इसके बाद हल्के हाथों से मसाज करते हुए पानी से साफ कर लें.
ये भी पढ़ें: