दिल्ली में दुर्गा पूजा की बात हो और चित्तरंजन पार्क (CR Park) का नाम न आए, ऐसा हो नहीं सकता. दिल्ली के मिनी बंगाल के नाम से मशहूर चित्तरंजन पार्क अपने दुर्गा पूजन समारोहों के लिए पूरे दिल्ली एनसीआर में फेमस है. ये इलाका भव्य पंडालों, खाने-पीने के स्टॉलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा रहता है. यहां मिलने वाला बंगाली स्ट्रीट फूड भी लोगों को खूब आकर्षित करता है.
अगर आप इस बार CR Park में दुर्गा पूजा घूमने जा रहे हैं, तो सिर्फ पंडाल देखकर वापस न आएं. यहां के बाजारों और फूड स्टॉल पर मिलने वाले बंगाली जायकों का स्वाद भी जरूर लें. चलिए जानते हैं सीआर पार्क जाएं तो किन चीजों को ट्राई करना एकदम न भूलें.
1. फुचका
बंगाल का फुचका पानीपुरी से मिलता-जुलता है, लेकिन इसका स्वाद थोड़ा अलग होता है. इसमें कुरकुरी पूरी के अंदर मसले हुए आलू, मसाले और खट्टा-तीखा पानी भरा जाता है. कुछ जगहों पर इसमें खास मसालों का इस्तेमाल भी किया जाता है. अगर आपको चटपटा खाना पसंद है, तो फुचका से अपनी फूड वॉक शुरू कर सकते हैं.
2. बंगाली फिश फ्राई
बंगाली खाने में मछली की खास जगह है. CR Park में दुर्गा पूजा के दौरान आपको अलग अलग तरह की फिश फ्राई मिल जाएगी. इसमें मछली को मसालों में लपेटकर ब्रेडक्रम्ब्स से कोट किया जाता है और कुरकुरा होने तक तला जाता है. इसे अक्सर सरसों की चटनी या सॉस के साथ सर्व किया जाता है.
3. कोलकाता बिरयानी
अगर आप पेट भरकर कुछ खाना चाहते हैं, तो कोलकाता बिरयानी ट्राई सकते हैं. इसमें खुशबूदार चावल, मसाले, आलू और अपनी पसंद के अनुसार चिकन या मटन मिलता है. लखनऊ और हैदराबाद की बिरयानी से इसका स्वाद अलग होता है. इसमें मसालों का इस्तेमाल आमतौर पर संतुलित रखा जाता है, जिससे चावल और मांस का स्वाद उभरकर आता है.
4. काठी रोल
दुर्गा पूजा में घूमते समय ऐसा खाना अच्छा रहता है, जिसे आसानी से हाथ में लेकर खाया जा सके. काठी रोल इसके लिए अच्छा ऑप्शन है. पराठे में मसालेदार चिकन, अंडा या पनीर भरकर तैयार किया जाने वाला यह रोल पेट भरने के साथ स्वाद भी देता है.
5. मिष्टी दोई
बंगाली खाने में मिठाइयों का खास महत्व है. मिष्टी दोई यानी मीठा दही, दूध को गाढ़ा करके और उसमें चीनी या गुड़ मिलाकर जमाया जाता है. इसका स्वाद मीठा और बनावट मलाईदार होती है. चटपटे और मसालेदार खाने के बाद यह आपकी फूड वॉक को मीठे अंदाज में खत्म करने का अच्छा विकल्प है.