बढ़ता प्रदूषण आज सिर्फ बड़े शहरों की नहीं, बल्कि छोटे कस्बों और घरों तक की चिंता बन चुका है. हवा में मौजूद धूल, धुआं और सूक्ष्म प्रदूषक कण न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि सांस और दिल से जुड़ी समस्याओं का खतरा भी बढ़ाते हैं. ऐसे में कुछ पौधे प्राकृतिक एयर फिल्टर की तरह काम करते हैं, जो हवा में मौजूद हानिकारक तत्वों को अवशोषित कर वातावरण को बेहतर बनाने में मदद करते हैं.
इन पौधों को लगाने या उगाने के लिए ज्यादा मेहनत या खर्च की जरूरत नहीं पड़ती. इनमें से कई पौधे सिर्फ एक छोटी सी कटिंग से आसानी से तैयार हो जाते हैं और घर, बालकनी या कमरे के अंदर भी लगाए जा सकते हैं. सेहत के लिए तो ये हैं ही अच्छे साथ ही अगर आप इन्हें लगाते हैं तो ये नेचुरल तरीका भी बन सकते हैं घर या कमरे की सजावट का. आइए जानते हैं ऐसे 5 पौधों के बारे में, जो आपके आसपास की हवा को साफ रखने में मदद कर सकते हैं.
मनी प्लांट
मनी प्लांट घरों में सबसे ज्यादा लगाए जाने वाले पौधों में से एक है, क्योंकि ये आसानी से लग जाता है और लोगों की मान्यता से जुड़ा है. इसकी बेल हवा में मौजूद कुछ हानिकारक तत्वों को कम करने में मदद करने का काम करती है. साथ ही इन्हें उगाने के लिए ज्यादा देखभाल या रोशनी की जरूरत नहीं पड़ती.
कैसे उगाएं? और इसके फायदे
मनी प्लांट की 4-5 इंच लंबी कटिंग लेकर पानी या मिट्टी में लगा दें. कुछ ही दिनों में इसकी जड़ें निकलने लगती हैं.
रबर प्लांट
रबर प्लांट अपने बड़े और चमकदार पत्तों की वजह से काफी पसंद किया जाता है. यह हवा में मौजूद धूल को अपनी पत्तियों पर रोकने का काम करता है और कमरे की दीवार के रंग के हिसाब से कमाल का और फ्रेश लुक भी देता है. साथ ही माना जाता है कि ये नकारात्मक ऊर्जा को घर में प्रवेश करने से रोकता है.
कैसे उगाएं? और जानें फायदे
इसके तने की कटिंग को मिट्टी में लगाएं. हल्की नमी और अप्रत्यक्ष धूप मिलने पर यह आसानी से बढ़ने लगता है.
स्नैक प्लांट
स्नैक प्लांट को सबसे आसानी से लगने वाले इनडोर पौधों में गिना जाता है. इसकी खासियत यह है कि यह रात में भी ऑक्सीजन छोड़ने वाले पौधों में शामिल है. न केवल प्रदूषण को नियंत्रित करता है, बल्कि 24*7 ऑक्सीजन देने का काम करता है.
कैसे उगाएं? और क्या हैं फायदे
इसके पत्ते या जड़ों के हिस्से को काट करके नई मिट्टी में लगा सकते हैं. इसे बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती. 1 से 2 घंटे की धूप में ये अच्छे से ग्रो करते हैं. इन्हें अगर हफ्ते में एक दिन भी पानी देंगे तो काफी होगा.
स्पाइडर प्लांट
स्पाइडर प्लांट खुद ही नए छोटे-छोटे पौधे तैयार कर देता है, इसलिए इसको ग्रो करवाने में ज्यादा तामझाम नहीं है. इसकी लंबी हरी-सफेद पत्तियां घर को आकर्षक तो बनाती ही हैं, साथ ही हवा को भी फ्रेश बनाती हैं.
कैसे उगाएं? और फायदे
मदर प्लांट से निकलने वाले छोटे पौधों को अलग करके नई मिट्टी में लगा दें. कुछ ही दिनों में वे जड़ पकड़ लेते हैं.
पीस लिली
पीस लिली अपने खूबसूरत सफेद फूलों के लिए जानी जाती है. यह पौधा घर के अंदर भी आसानी से उगाया जा सकता है. इनका काम भी हवा से प्रदूषण को काफी हद तक खत्म करना है.
कैसे उगाएं? और जानें फायदे पीस लिली के
इससे निकले नए गुच्छों को जड़ों सहित अलग करके नए गमले में लगाया जाता है. इस पौधे को नमी वाली मिट्टी थोड़ी ज्यादा पसंद आती है. इस वातावरण में पीस लिली अच्छे से बढ़ते हैं.
ये भी पढ़ें