गर्मी का मौसम आते ही लोग खानपान के साथ अपने कपड़ों में भी बदलाव करने लगते हैं. हालांकि कई लोग फैशन के चक्कर में ऐसे रंगों के कपड़े पहन लेते हैं, जो तेज धूप और गर्मी में शरीर की परेशानी बढ़ा सकते हैं. एक्सपर्ट्स का कहना है कि कपड़ों का रंग सिर्फ लुक ही नहीं, बल्कि शरीर के तापमान पर भी असर डालता है. गलत रंग के कपड़े पहनने से ज्यादा गर्मी लग सकती है और शरीर जल्दी थक सकता है.
दरअसल, गहरे रंग के कपड़े सूरज की किरणों को तेजी से सोख लेते हैं. इससे कपड़े जल्दी गर्म हो जाते हैं और शरीर का तापमान भी बढ़ने लगता है. यही वजह है कि गर्मियों में डार्क कलर के कपड़े पहनने पर ज्यादा पसीना आता है और बेचैनी महसूस हो सकती है. लंबे समय तक धूप में रहने पर डिहाइड्रेशन और थकान की समस्या भी बढ़ सकती है. खासकर जो लोग बाहर काम करते हैं या ज्यादा समय धूप में बिताते हैं, उन्हें कपड़ों के रंग का खास ध्यान रखना चाहिए.
गर्मी में किन रंगों के कपड़े नहीं पहनने चाहिए
गर्मियों में काला, गहरा नीला, मैरून, डार्क ब्राउन, ब्राइट ऑरेंज और डार्क येलो जैसे रंगों के कपड़े पहनने से बचना चाहिए. ये रंग सूरज की गर्मी को ज्यादा एब्जॉर्ब करते हैं. अगर इन रंगों के साथ सिंथेटिक या मोटा फैब्रिक हो, तो परेशानी और बढ़ सकती है. ऐसे कपड़ों में शरीर को ज्यादा गर्मी महसूस होती है और पसीना भी अधिक आता है.
हल्के रंग क्यों होते हैं बेहतर
गर्मियों में सफेद, क्रीम, स्काई ब्लू, पेस्टल पिंक, हल्का पीला और पेस्टल ग्रीन जैसे रंग सबसे अच्छे माने जाते हैं. ये रंग धूप को रिफ्लेक्ट करते हैं, जिससे शरीर अपेक्षाकृत ठंडा महसूस करता है. हल्के रंग आंखों को भी सुकून देते हैं और गर्मी में आरामदायक महसूस कराते हैं.
फैब्रिक का सही चुनाव भी जरूरी
एक्सपर्ट्स का कहना है कि सिर्फ रंग ही नहीं, बल्कि कपड़े का फैब्रिक भी बहुत मायने रखता है. गर्मियों में कॉटन और लिनन जैसे हल्के और सांस लेने वाले कपड़े पहनना सबसे बेहतर माना जाता है. ये कपड़े पसीना जल्दी सोख लेते हैं और शरीर को लंबे समय तक ठंडा और आरामदायक बनाए रखते हैं.
ये भी पढ़ें: