कमरे में बंद हुई 89 साल की महिला, 26वीं मंजिल से AC की रेलिंग पकड़कर उतरीं, रेस्क्यू कर बचाई गई जान

घटना 1 अप्रैल की दोपहर की है. एक सफाईकर्मी और सिक्योरिटी गार्ड ने नीचे से हल्की आवाजें सुनीं. जब उन्होंने ऊपर देखा तो पाया कि एक बुजुर्ग महिला बिल्डिंग के बाहर AC की रेलिंग पकड़कर लटकी हुई हैं.

elderly woman rescue
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 10 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:33 PM IST
  • 26वीं मंजिल से AC की रेलिंग पकड़कर उतरीं
  • जान बचाने के लिए बुजुर्ग महिला का खतरनाक कदम

चीन की राजधानी बीजिंग में एक 89 साल की बुजुर्ग महिला ने ऐसी हिम्मत दिखाई कि लोग हैरान रह गए. कमरे में गलती से बंद होने के बाद उन्होंने मदद का इंतजार करने के बजाय 26वीं मंजिल से बिल्डिंग की बाहरी दीवार के सहारे नीचे उतरना शुरू कर दिया. यह खतरनाक नजारा जिसने भी देखा, उसकी सांसें थम गईं.

26वीं मंजिल से दिखीं लटकी हुई
घटना 1 अप्रैल की दोपहर की है. एक सफाईकर्मी और सिक्योरिटी गार्ड ने नीचे से हल्की आवाजें सुनीं. जब उन्होंने ऊपर देखा तो पाया कि एक बुजुर्ग महिला बिल्डिंग के बाहर AC की रेलिंग पकड़कर लटकी हुई हैं. महिला 26वीं मंजिल के पास थीं और धीरे-धीरे नीचे उतरने की कोशिश कर रही थीं.

रोकने के बावजूद नीचे उतरती रहीं
गार्ड और अन्य लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और महिला से वहीं रुकने की अपील की. हालांकि, डर के कारण महिला ने नीचे उतरना जारी रखा. दमकलकर्मी मौके पर पहुंचने ही वाले थे, लेकिन तब तक महिला काफी नीचे आ चुकी थीं और आखिरकार 21वीं मंजिल के पास आकर थककर रुक गईं. दमकल टीम ने बाहर से रेस्क्यू करने के बजाय अंदर से बचाव करने का फैसला लिया, क्योंकि संकरी रेलिंग पर चढ़ना बेहद जोखिम भरा था.

उन्होंने महिला को सेफ्टी रोप से सुरक्षित किया और रेलिंग का एक हिस्सा काटकर उन्हें AC प्लेटफॉर्म पर बैठने में मदद की. साथ ही उन्हें पानी और जैकेट भी दी गई, ताकि उन्हें राहत मिल सके. करीब 20 मिनट आराम कराने के बाद दमकलकर्मियों ने स्ट्रेचर की मदद से प्लेटफॉर्म और फ्लैट की खिड़की के बीच एक अस्थायी पुल बनाया और सावधानी से महिला को अंदर ले आए.

कैसे फंसी थीं महिला?
जांच में पता चला कि महिला 27वीं मंजिल पर अकेली रहती हैं. वह गलती से अपने बेडरूम में बंद हो गई थीं और उनका मोबाइल फोन बाहर लिविंग रूम में रह गया था. डर के कारण उन्होंने AC की रेलिंग के सहारे नीचे उतरने का खतरनाक फैसला लिया. उनका इरादा था कि वह पहली मंजिल तक पहुंच जाएं.

सुरक्षित बचीं, परिवार ने जताया आभार
इस खतरनाक घटना के बावजूद महिला को कोई शारीरिक चोट नहीं आई, लेकिन वह काफी थकी और डरी हुई थीं. घटना की जानकारी मिलने पर उनका परिवार मौके पर पहुंचा और दमकलकर्मियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने समय रहते उनकी जान बचाई.

ये भी पढ़ें 

Read more!

RECOMMENDED