गर्मी के मौसम में बिजली का बिल बढ़ने पर सबसे पहले लोगों का शक एसी पर जाता है. यह सच है कि एसी घर के सबसे ज्यादा बिजली खर्च करने वाले उपकरणों में से एक है, लेकिन हर बार बढ़े हुए बिजली बिल के लिए सिर्फ एसी को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है. कई बार एसी रिमोट की गलत सेटिंग्स भी बिजली की खपत बढ़ाने का कारण बन जाती हैं. अगर सही मोड और सेटिंग्स का इस्तेमाल किया जाए तो बिजली की अच्छी-खासी बचत की जा सकती है.
ड्राई मोड से होगी बिजली की बचत
मानसून या उमस भरे मौसम में एसी का ड्राई मोड काफी फायदेमंद साबित हो सकता है. इस मोड का मुख्य काम कमरे की नमी को कम करना होता है. ड्राई मोड में एसी लगातार कमरे को ठंडा करने की बजाय हवा में मौजूद नमी को बाहर निकालता है. इससे कंप्रेसर कम समय तक चलता है और बिजली की खपत भी कम होती है. इसलिए उमस वाले दिनों में ड्राई मोड का इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है.
टर्बो मोड का ज्यादा इस्तेमाल बढ़ाएगा बिल
कई लोग बाहर की तेज गर्मी से घर आने के बाद तुरंत कमरे को ठंडा करने के लिए टर्बो मोड ऑन कर देते हैं. इस मोड में एसी अपनी पूरी क्षमता से काम करता है. कंप्रेसर और फैन दोनों लगातार अधिक स्पीड पर चलते हैं, जिससे बिजली की खपत काफी बढ़ जाती है. विशेषज्ञों के अनुसार टर्बो मोड का उपयोग केवल जरूरत पड़ने पर ही करना चाहिए और 10 से 15 मिनट बाद इसे बंद कर देना चाहिए.
फैन स्पीड को लेकर न रखें गलतफहमी
अक्सर लोगों को लगता है कि फैन स्पीड कम रखने से बिजली की बचत होगी, लेकिन ऐसा नहीं है. एसी की इनडोर यूनिट का फैन बहुत कम बिजली खर्च करता है. यदि फैन स्पीड ज्यादा रखी जाए तो ठंडी हवा पूरे कमरे में तेजी से फैलती है. इससे कमरा जल्दी ठंडा हो जाता है और एसी को कम मेहनत करनी पड़ती है. नतीजतन बिजली की खपत भी कम हो सकती है.
ये भी पढ़ें: