देश के कई हिस्सों में गर्मी की शुरुआत हो चुकी है. तापमान बढ़ते ही लोग घरों में AC चलाना शुरू कर देते हैं. आमतौर पर गर्मी शुरू होते ही लोग सबसे पहला काम एसी की सर्विस कराने का करते हैं. इसके लिए तकनीशियन को बुलाया जाता है, जिस पर कई बार हजारों रुपये खर्च हो जाते हैं.
हालांकि हर बार एसी को बड़ी सर्विस की जरूरत नहीं होती. कई बार सिर्फ हल्की सफाई करने से ही इसकी कूलिंग बेहतर हो जाती है और ठंडी हवा आने लगती है. आप घर पर ही एसी की बेसिक सर्विसिंग कर सकते हैं. इससे न सिर्फ एसी की परफॉर्मेंस बेहतर होगी, बल्कि मशीन की लाइफ भी बढ़ेगी और बिजली का बिल भी कम आ सकता है.
सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद करें
एसी की सफाई या सर्विस शुरू करने से पहले सबसे जरूरी है कि उसकी बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद कर दें. इसके लिए मेन स्विच या MCB ऑफ कर दें. इससे सफाई के दौरान करंट लगने या मशीन को नुकसान होने का खतरा नहीं रहेगा.
फ्रंट पैनल खोलकर फिल्टर निकालें
बिजली बंद करने के बाद एसी का फ्रंट पैनल धीरे-धीरे खोलें. ज्यादातर स्प्लिट एसी में यह पैनल आसानी से ऊपर की ओर उठ जाता है.
पैनल खोलने के बाद सबसे पहले एयर फिल्टर दिखाई देता है. एसी की कूलिंग पर सबसे ज्यादा असर इसी फिल्टर पर जमा धूल और गंदगी का पड़ता है.
फिल्टर की सफाई से ही 90% समस्या दूर
एसी के फिल्टर में धूल और मिट्टी जमा होने से हवा का फ्लो कम हो जाता है और कूलिंग पर असर पड़ता है. इसलिए फिल्टर को बाहर निकालकर साफ करना जरूरी है.
फिल्टर को साफ पानी से धो लें और जरूरत पड़े तो हल्के ब्रश से भी साफ कर सकते हैं. धोने के बाद इसे पूरी तरह सूखने दें और फिर वापस एसी में लगा दें. कई बार सिर्फ फिल्टर साफ करने से ही एसी की कूलिंग काफी बेहतर हो जाती है.
इनडोर यूनिट और फ्लैप की सफाई
फिल्टर के अलावा एसी के फ्लैप यानी हवा बाहर भेजने वाले हिस्से पर भी धूल जमा हो जाती है. जरूरत पड़े तो छोटे पेंच खोलकर फ्लैप को सावधानी से निकालकर साफ किया जा सकता है.
फ्लैप और इनडोर यूनिट की सफाई के लिए सूखे कपड़े या सॉफ्ट ब्रश का इस्तेमाल करें.
कॉइल की सफाई ऐसे करें
एसी के अंदर मौजूद कॉइल पर भी समय के साथ धूल जमा हो जाती है, जिससे कूलिंग कम हो सकती है. इसकी सफाई के लिए एक आसान तरीका अपनाया जा सकता है.
इसके लिए एक मग में पानी लें और पुराने टूथब्रश की मदद से धीरे-धीरे कॉइल साफ करें. सफाई करते समय ज्यादा दबाव न डालें, ताकि कॉइल को नुकसान न पहुंचे.
आउटडोर यूनिट की जांच करें
एसी की आउटडोर यूनिट आमतौर पर बालकनी या बाहर लगी होती है, जहां धूल, पत्ते और कचरा जमा हो सकता है.
अगर कॉइल पर ज्यादा धूल दिखे तो हल्के पानी से इसे साफ किया जा सकता है, लेकिन पानी का प्रेशर ज्यादा नहीं होना चाहिए.
ड्रेनेज पाइप भी साफ रखें
एसी से निकलने वाला पानी ड्रेनेज पाइप के जरिए बाहर जाता है. अगर यह पाइप जाम हो जाए तो पानी टपकने की समस्या हो सकती है. इसलिए समय-समय पर पाइप की जांच कर उसे साफ करते रहें.
कब बुलाएं तकनीशियन
अगर एसी से अजीब आवाज आ रही हो, कूलिंग बिल्कुल कम हो गई हो या गैस से जुड़ी समस्या हो, तो ऐसे मामलों में खुद से छेड़छाड़ न करें. बेहतर है कि किसी प्रोफेशनल को बुलाकर पूरी सर्विस कराएं.