Advertisement

शॉपिंग कराने लेकर गया पत्नी को, महिला रेस्तरां से हुई फरार.. केवल 10 दिन पहले ही हुई थी शादी, पुलिस कर रही मामले की जांच

उत्तर प्रदेश के चंदौली में एक ऐसा वाक्या सामने आया है, जहां पत्नी को दवा दिलाने के लिए युवक डॉक्टर के पास ले गया. जिसके बाद उसने उसे शॉपिंग भी करवाई. लेकिन आखिर में वॉशरूम जाने के बहाने युवती ने युवक को गच्चा दिया और रेस्तरां से फरार हो गई.

शमशेर चौहान शिकायत की कॉपी के साथ
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 16 जून 2025,
  • अपडेटेड 7:11 AM IST
  • शॉपिंग के लिए पहुंचे मियां-बीवी बाजार
  • रेस्टोरेंट से गायब हुई दुल्हन
  • वॉशरूप जाने का लिया बहाना और दिया गच्चा

पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक दुल्हन अपनी शादी के 10 दिन बाद ही शॉपिंग के बहाने पति के साथ मार्केट आई और फरार हो गई. पहले तो दूल्हे ने आसपास बहुत खोजने का प्रयास किया लेकिन उसके बावजूद भी जब उसकी नई नवेली पत्नी का पता नहीं चला. तो थक हारकर मुगलसराय कोतवाली पहुंचा और उसने पत्नी के फरार होने की शिकायत दर्ज कराई. 

दूल्हा पहुंचा कोतवाली?
युवक का नाम शमशेर चौहान है. शमशेर चौहान मुगलसराय कुर्बानी क्षेत्र के सैदपुरा गांव का रहने वाला है. शमशेर चौहान की शादी पिछले 4 जून को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के ही अंतर्गत आने वाले मवई खुर्द गांव की रहने वाली खुशी से हुई थी. घर में बहू के आने की खुशियां मनाई जा रही थी. 

लेकिन अब शमशेर चौहान और उसके परिजन कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं. शमशेर की नई नवेली दुल्हन शादी के 10 दिन बाद ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर बाजार आई और उसके बाद पति को गच्चा देकर फरार हो गई.

क्यों आना हुआ बाजार को?
दरअसल 14 जून की सुबह खुशी ने अपने पति शमशेर से कहा कि उसके सिर में दर्द हो रहा है. वह उसे किसी डॉक्टर के पास ले चले. शमशेर अपनी पत्नी को लेकर पास के गांव में एक निजी डॉक्टर के पास लेकर पहुंचा और दवा दिलवाई. 

शमशेर पूरा वाक्या बताते हुए

इसके बाद खुशी ने उससे कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर चलते हैं और कुछ शॉपिंग कर लेते हैं. शमशेर ने अपनी पत्नी को शॉपिंग कराई. जिसके बाद दोनों काली माता मंदिर के पास एक रेस्टोरेंट में नाश्ता करने के लिए चले गए. इसी दौरान खुशी ने कहा कि उसे वॉशरूम जाना है. 

इसके बाद खुशी रेस्टोरेंट के वॉशरूम वाले फ्लोर की तरफ चली गई. तकरीबन 10 से 15 मिनट बीत गए और जब खुशी वापस नहीं लौटी तो शमशेर ने रेस्टोरेंट के मैनेजर से पूछा कि वॉशरूम किधर है हमारी पत्नी गई है अभी तक लौटी नहीं. 

शमशेर की खुशी हुई गुल
रेस्टोरेंट वाले ने बताया कि वॉशरूम थर्ड फ्लोर पर है. जब शमशेर थर्ड फ्लोर पर पहुंचा तो उसने देखा कि वहां पर ख़ुशी का कुछ भी अता पता नहीं है. शमशेर रेस्टोरेंट से बाहर निकाला और आसपास के इलाके में ढूंढने की कोशिश की. काफी देर इधर-उधर ढूंढने के बाद भी जब उसे शमशेर को उसकी पत्नी का पता नहीं चला तो वह वापस घर चला गया और पूरी दास्तान अपने घर वालों को बताई. जिसके बाद परिजन मामले की फरियाद लेकर कोतवाली पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है.

-उदय गुप्ता की रिपोर्ट

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement