सावन का व्रत हो या एकादशी, व्रत के दौरान कुछ ऐसा खाने का मन करता है जो स्वादिष्ट होने के साथ पेट भी भर दे. ऐसे में आलू का हलवा एक बढ़िया विकल्प है. आलू से बना यह मीठा हलवा स्वाद में बेहद खास होता है और इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती. खास बात यह है कि इसे व्रत के दौरान भी आसानी से खाया जा सकता है. तो चलिए आपको बताते हैं घर पर आलू का हलवा कैसे बना सकते हैं.
आलू का हलवा बनाने के लिए सामग्री
इस हलवे को बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होगी. इसके लिए 4 मध्यम आकार के आलू, एक चौथाई कप चीनी, 2 चम्मच घी, 2 चम्मच फ्रेश क्रीम और आधा चम्मच इलायची पाउडर चाहिए.
ऐसे बनाएं आलू का हलवा
सबसे पहले आलू को अच्छी तरह उबाल लें. आलू नरम हो जाने के बाद उन्हें छीलकर अच्छी तरह मैश कर लें. ध्यान रखें कि आलू में कोई बड़ी गांठ न रह जाए.
अब एक पैन को गैस पर रखें और उसमें घी गर्म करें. घी गर्म होने के बाद इसमें मैश किए हुए आलू डाल दें. आलू को मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. इसे तब तक पकाएं जब तक आलू अच्छी तरह भुन न जाएं और घी छोड़ने न लगें.
इसके बाद पैन में चीनी और फ्रेश क्रीम डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए पकाएं. चीनी पिघलने के बाद हलवा धीरे-धीरे गाढ़ा होने लगेगा. जब आलू, चीनी और क्रीम अच्छी तरह मिल जाएं और हलवे की सही कंसिस्टेंसी आ जाए तो गैस बंद कर दें.
अब तैयार हलवे को एक सर्विंग बाउल में निकालें और ऊपर से इलायची पाउडर डालकर गार्निश करें. इसे गर्मागर्म सर्व करें. चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से थोड़े ड्राई फ्रूट्स भी डाल सकती हैं.
सिर्फ 40 मिनट में तैयार
आलू का हलवा बनाने में कुल करीब 40 मिनट का समय लगता है. इसकी तैयारी में लगभग 20 मिनट लगते हैं. यह रेसिपी स्वादिष्ट होने के साथ काफी आसान भी है, इसलिए व्रत के दिनों में इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: