राजस्थान के उद्योग नगरी भिवाड़ी में इंसानियत को शर्मसार करने का मामला सामने आया है. माता-पिता ने अपने नवजात मासूम जिगर के टुकड़े को एक स्कूल बैग में बंद करके कचरे के ढेर में मरने के लिए छोड़ दिया. उसके बाद बाद दंपत्ति फरार हो गए.
मासूम को कचरे के ढेर में फेंका-
राजस्थान के भिवाड़ी में एक बार फिर ममता को शर्मसार कर देने वाली हृदय विदारक घटना सामने आई है. कलयुगी माता-पिता एक नवजात बालिका को स्कूल बैग में बंद कर कचरे के ढेर में मरने के लिए छोड़ गए. यह घटना उस समय सामने आई जब ड्यूटी पर जा रहे एक व्यक्ति की नजर बैग में हो रही हलचल पर पड़ी. उसे कुछ संदिग्ध लगा तो उसने तुरंत बैग खोला. बैग के अंदर रोती-बिलखती नवजात बालिका को देखकर वह स्तब्ध रह गया. उसने बिना समय गंवाए बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ ही उसे जिला अस्पताल भिवाड़ी पहुंचाया.
पूरी तरह से स्वस्थ है बच्ची-
अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची की गहन जांच की और प्राथमिक उपचार के बाद उसे पूरी तरह से स्वस्थ बताया. जिला अस्पताल प्रभारी डॉ. सागर अरोड़ा ने बताया कि देखने से बच्ची नवजात प्रतीत होती है और उसकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है. चिकित्सकों की निगरानी में बच्ची की देखभाल की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मासूम को इस हालत में छोड़ने वाले माता-पिता का पता लगाया जा सके.
यह घटना न केवल मानवता को झकझोर देने वाली है, बल्कि समाज के सामने यह गंभीर सवाल भी खड़ा करती है कि आखिर एक मासूम बच्ची को इस तरह मौत के मुंह में छोड़ने की निर्दयता कैसे जन्म ले रही है. पुलिस आसपास क्षेत्र में जांच पड़ताल कर रही है. साथ ही इस संबंध में एफआईआर दर्ज करके मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.
ये भी पढ़ें: