उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में एक अनोका प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है, जहां एक शादी समारोह में डीजे बजाने गए युवक को दूल्हे की बहन से प्यार हो गया. 3 साल तक रिलेशन में रहने के बाद युवक अपनी प्रेमिका को लेकर फरार हो गया. शिकायत के बाद पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका को थाने लाकर आपसी रजामंदी से घर भेज दिया. युवती अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर परिवार की तमाम कोशिशों को ठुकरा दिया.
DJ वाले बाबू पर आया दिल-
पूरा मामला जनपद के अमेठी कोतवाली के कटरा फ़ूलकुवर गाँव का है, जहां की रहने वाली लड़की के भाई रवि की शादी वर्ष 2022 में हुई थी. जिसमें एक युवक डीजे बजाने आया था. इसी दौरान डीजे बजाने वाले युवक अनुराग की मुलाकात दूल्हे की बहन से हो गई और धीरे-धीरे दोनों को प्यार हो गया. करीब तीन वर्षों तक दोनों एक-दूसरे के संपर्क में रहे.
घर से भाग गए प्रेमी-प्रेमिका-
बताया जा रहा है कि 13 जून को युवक युवती को अपने साथ लेकर घर से चला गया. जिसके बाद दोनों ने विवाह कर लिया. युवती के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी और बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत अमेठी कोतवाली में दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और दोनों को बरामद कर थाने ले आई.
युवक के साथ रहना चाहती है युवती-
थाने पहुंचने पर परिजनों ने युवती को काफी समझाने का प्रयास किया. लेकिन वह अपने पति के साथ ही रहने की बात पर अड़ी रही और घर लौटने से इनकार कर दिया. काफी देर तक चले मान मनौवल के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई की और उन्हें समझाकर रवाना कर दिया.
शादी से कोई दिक्कत नहीं- लड़के की मां
लड़के की माँ अनीता ने बताया कि हमारे लड़के की पहचान इस लड़की से डीजे बजाने के दौरान हुई थी और इसने अब शादी कर ली है. हम लोगों को कोई दिक्कत नहीं है. वहीं, थाना प्रभारी श्रीराम पांडे शिकायत के बाद दोनों को पुलिस स्टेशन लेकर आए. मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है.
ये भी पढ़ें: