बिहार के आरा में एक गर्भवती महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है. दरअसल शहर के शांति मेमोरियल निजी अस्पताल में बक्सर जिले के नैनीजोर थाना क्षेत्र के छोटकी नैनीजोर गांव निवासी भरत यादव की 32 वर्षीय पत्नी ज्ञानती देवी को प्रसव पीड़ा होने के बाद भर्ती कराया गया था. जहां गर्भवती महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया.
बच्चों के जन्म से माता-पिता बेहद खुश
इन बच्चों के जन्म की खबर के बाद भरत यादव के पूरे परिवार में खुशी की लहर छा गई है. वहीं एक साथ चार बच्चों के जन्म से मां ज्ञानती देवी और पिता भरत यादव बेहद खुश हैं और वो फूले नहीं समा रहे हैं. बच्चों के सुरक्षित प्रसव के लिए महिला चिकित्सक डॉ गुंजन सिंह और पति डॉ विकास सिंह ने सिजेरियन डिलीवरी के जरिए महिला की सफल डिलीवरी कराई है.
अल्ट्रासाउंड के जरिए मिली थी 4 बच्चों की जानकारी
डॉक्टर की मानें तो नवजात चारों बच्चे और महिला स्वस्थ हैं. महिला के गर्भ में एक साथ चार बच्चे पल रहे थे, इस बात की जानकारी अल्ट्रासाउंड के जरिए पता चली थी लेकिन चारों बच्चे लड़के हैं, इसका अंदाजा किसी को भी नहीं था. ऑपरेशन के दौरान जब पता चला कि महिला के गर्भ में एक नहीं बल्कि चार लड़के हैं तो सभी खुश हो गए और हमारी टीम ने सफल ऑपरेशन करके महिला के गर्भ से चारों बच्चे ने जन्म लिया.
मां और बच्चे सभी स्वस्थ
डॉक्टर गुंजन सिंह इस सफल ऑपरेशन के बाद काफी खुश हैं और उनका कहना है कि इसके पहले उनके अस्पताल में एक साथ चार बच्चे का जन्म पहली बार हुआ है. इधर बच्चे के जन्म को लेकर बच्चे के पिता भरत यादव ने कहा कि हमारे पहले से एक लड़का और एक लड़की है. इसके बाद आज एक साथ चार बच्चे पैदा हुए जो सभी लड़के हैं. इस बात की जानकारी मिलने के बाद हम लोग काफी खुश हैं सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है जच्चा बच्चा दोनों ही सुरक्षित है. बहरहाल एक साथ चार बच्चों के जन्म के बाद अस्पताल परिसर में कौतूहल मच गया है और सभी लोग बच्चों को देखने के लिए आ रहे हैं.