गर्मी के मौसम में पेट को मिलेगी ठंडक, बघेलखंड के इस पारंपरिक तरीके से बनाएं सुपर सॉफ्ट दही-वड़ा

गर्मी का मौसम हो और दही में डूबे ठंडे-ठंडे दही-वड़े मिल जाए, तो लू के थपेड़ों का बोझ थोड़ा कम लगता है. आज हम आपको बघेलखंड की स्पोशल दही-वड़े की रेसिपी बनाना सिखाएंगे.

Dahi Vada Recipe in Summer
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 19 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:27 PM IST

गर्मी के मौसम में अगर कुछ हल्का, ठंडा और स्वाद से भरपूर खाने का मन हो तो दही-वड़ा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. खासकर बघेलखंड का पारंपरिक दही-वड़ा स्वाद के साथ-साथ शरीर को ठंडक देने के लिए भी पसंद किया जाता है. घर में बच्चे हों या बड़े, हर किसी को इसका खट्टा-मीठा स्वाद खूब भाता है. अच्छी बात यह है कि इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है और सही तरीके से बनाने पर वड़े बेहद नरम और स्पंजी बनते हैं.

दही-वड़ा बनाने के लिए जरूरी सामान
इस स्वादिष्ट रेसिपी को तैयार करने के लिए उड़द दाल और मूंग दाल की जरूरत होगी. इसके अलावा अदरक, हरी मिर्च, नमक, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर और थोड़ा सा बेकिंग सोडा लेना होगा. दही तैयार करने के लिए ताजा दही, थोड़ा पानी और मसाले चाहिए होंगे. ऊपर से स्वाद बढ़ाने के लिए इमली की चटनी, हरी चटनी और चाट मसाला भी रखा जा सकता है.

ऐसे तैयार करें वड़े का घोल
सबसे पहले उड़द दाल और मूंग दाल को अच्छी तरह साफ करके करीब 2 से 3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. जब दाल फूल जाए तो पानी निकालकर इसे अदरक और हरी मिर्च के साथ पीस लें. ध्यान रखें कि पेस्ट बहुत ज्यादा महीन न हो, थोड़ा दरदरा रहे ताकि वड़ों का स्वाद और टेक्सचर बेहतर आए.

अब इस मिश्रण में नमक, थोड़ा बेकिंग सोडा, लाल मिर्च और जीरा पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें. फिर घोल को करीब 15 मिनट ढककर रख दें, जिससे उसमें हल्की फुलावट आ जाए.

ऐसे पहचानें कि घोल तैयार है
घोल तैयार हुआ है या नहीं, इसे जांचने का आसान तरीका भी है. थोड़ा सा मिश्रण पानी में डालें. अगर वह ऊपर तैरने लगे तो समझिए घोल बिल्कुल सही तैयार है और अब वड़े तलने के लिए तैयार हैं.

वड़े तलने का सही तरीका
अब कड़ाई में तेल गर्म करें और मध्यम आंच पर घोल के छोटे-छोटे गोले डालकर सुनहरा होने तक तलें. ध्यान रखें कि वड़े बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से नरम रहें. दोनों तरफ अच्छी तरह पकने के बाद इन्हें निकाल लें.

नरम दही-वड़ा बनाने का खास तरीका
वड़ों को मुलायम बनाने के लिए तलने के तुरंत बाद उन्हें नमक और हींग मिले गुनगुने पानी में करीब 10 मिनट के लिए डाल दें. इससे वड़े पानी सोख लेते हैं और बेहद सॉफ्ट बन जाते हैं.

इसी दौरान दही को अच्छी तरह फेंट लें और उसमें थोड़ा पानी, नमक, लाल मिर्च और जीरा पाउडर मिलाकर पतला मिश्रण तैयार करें. अब वड़ों को हल्के हाथ से दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल लें और दही में डाल दें.

ऐसे बढ़ाएं स्वाद
कुछ देर बाद वड़े दही का स्वाद अच्छे से सोख लेंगे. सर्व करते समय ऊपर से इमली की चटनी, हरी चटनी और थोड़ा चाट मसाला डाल दें. तैयार है ठंडक देने वाला स्वादिष्ट दही-वड़ा, जिसे बच्चे और बड़े दोनों बड़े चाव से खाएंगे.
 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED