Potato Peeling Trick
Potato Peeling Trick
आलू ऐसी सब्जी है जो लगभग हर रसोई में रोजाना किसी न किसी रूप में इस्तेमाल होता है. चाहे सब्जी बनानी हो, पराठा तैयार करना हो या फिर स्नैक्स, आलू हर जगह फिट बैठता है. लेकिन इसे इस्तेमाल करने से पहले सबसे झंझट वाला काम होता है इसका छिलका उतारना. कई लोग चाकू या पीलर से आलू छीलते हैं, जिसमें समय भी लगता है और हाथ कटने का डर भी बना रहता है. अच्छी बात यह है कि आलू छीलने का एक बेहद आसान और तेज तरीका मौजूद है, जिससे बिना ज्यादा मेहनत के छिलका आसानी से निकल जाता है.
इस आसान ट्रिक में आलू को उबालने से पहले उसकी सतह पर हल्का सा कट लगाया जाता है. जब आलू पक जाता है, तो उसका छिलका खुद-ब-खुद ढीला पड़ जाता है और आसानी से उतर जाता है.
सबसे पहले करें आलू की तैयारी
इस तरीके को अपनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में पानी गर्म करें. ध्यान रखें कि बर्तन इतना बड़ा हो कि सारे आलू आराम से उसमें आ जाएं. पानी गर्म होने तक आलुओं को अच्छी तरह धो लें ताकि उन पर लगी मिट्टी और गंदगी साफ हो जाए.
अब एक छोटे चाकू की मदद से हर आलू के बीच में हल्का सा 'X' आकार का कट लगाएं. ध्यान रखें कि कट बहुत गहरा न हो, सिर्फ इतना हो कि छिलके की ऊपरी परत कट जाए.
सही तरीके से उबालना भी जरूरी
जब सारे आलू तैयार हो जाएं, तो उन्हें उबलते पानी में डाल दें. इसके बाद उन्हें करीब 15 से 20 मिनट तक पकने दें. आलू पूरी तरह पके हैं या नहीं, यह चेक करने के लिए उनमें चाकू डालकर देखें. अगर चाकू आसानी से अंदर चला जाए, तो समझ लें कि आलू तैयार हैं.
अब आलुओं को चिमटे या बड़े चम्मच की मदद से बाहर निकाल लें और कुछ देर ठंडा होने दें. जब आलू हल्के गर्म रह जाएं, तब जहां 'X' का निशान लगाया था वहां से छिलका खींचें. आप देखेंगे कि छिलका बिना मेहनत के आसानी से निकल जाएगा.
समय की बचत के साथ कम मेहनत
इस तरीके की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें हाथों में दर्द या चोट लगने का डर नहीं रहता. अगर ज्यादा आलू छीलने हों, तब भी यह तरीका काफी समय बचाता है. आप चाहें तो छिले हुए आलू को बंद डिब्बे में रखकर रातभर स्टोर भी कर सकते हैं.