आजकल लोग ऑफिस में ऐसे पौधे रखना पसंद करते हैं जो देखने में खूबसूरत हों और ज्यादा देखभाल भी न मांगें. ऐसे में जेड प्लांट तेजी से लोगों की पसंद बनता जा रहा है. यह पौधा न सिर्फ ताजगी देता है, बल्कि वास्तु शास्त्र में भी इसे बेहद शुभ माना गया है. माना जाता है कि जेड प्लांट घर और ऑफिस में पॉजिटिविट और आर्थिक तरक्की को अट्रैक्ट करता है. यही वजह है कि कई लोग इसे 'मनी प्लांट ऑफ सक्सेस' भी कहते हैं.
जेड प्लांट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे ज्यादा पानी या लगातार धूप की जरूरत नहीं होती. ऑफिस लाइफ वाले लोगों के लिए यह एक बेहतरीन इंडोर प्लांट साबित हो सकता है. सही देखभाल मिलने पर यह पौधा तेजी से बढ़ता है और लंबे समय तक हरा-भरा बना रहता है.
गर्मियों में तेजी से बढ़ता है जेड प्लांट
जेड प्लांट लगाने के लिए गर्मियों का मौसम सबसे अच्छा माना जाता है. इस दौरान पौधे की कटिंग जल्दी जड़ें बनाती है और नए पौधे तेजी से बड़े होते हैं. इसे साल के किसी भी समय लगाया जा सकता है, लेकिन ठंड के मौसम में इसकी ग्रोथ धीमी हो जाती है.
अगर आप पुराने पौधे को नए गमले में ट्रांसप्लांट करना चाहते हैं, तो गर्म मौसम सबसे सही रहता है. इससे पौधे को नई जगह पर जल्दी एडजस्ट होने में मदद मिलती है. वहीं समय-समय पर लंबी टहनियों की कटाई करने से पौधा घना और अट्रैक्टिव बना रहता है.
सही कटिंग से तैयार करें नया पौधा
जेड प्लांट को कटिंग से बहुत आसानी से उगाया जा सकता है. इसके लिए लगभग 5 से 10 इंच लंबी टहनी को तेज कैंची की मदद से काटें. कटिंग के निचले हिस्से की पत्तियां हटा दें ताकि जड़ें आसानी से विकसित हो सकें.
अगर आप पत्तियों से नया पौधा तैयार करना चाहते हैं, तो पत्तियों को हल्के हाथों से अलग करें. इसके बाद कटिंग या पत्तियों को 2 से 5 दिन तक छायादार जगह पर सूखने दें. ऐसा करने से कटे हुए हिस्से मजबूत हो जाते हैं और सड़ने के चांस कम हो जाते हैं.
पानी और मिट्टी दोनों में उगाया जा सकता है जेड
सूखने के बाद कटिंग को पानी से भरे ग्लास या सक्यूलेंट मिट्टी में लगाया जा सकता है. पत्तियों को हल्के एंगल पर मिट्टी में लगाना बेहतर माना जाता है. पौधे को ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप आती हो लेकिन तेज सीधी धूप न पड़े. ऐसा करने से कुछ ही हफ्तों में जड़ें निकलना शुरू हो जाती हैं. ध्यान रखें कि मिट्टी ज्यादा गीली न रहे, क्योंकि अधिक नमी से पौधा खराब हो सकता है.
लंबे समय तक कैसे रखें जेड हरा-भरा
नई जड़ वाले जेड प्लांट को हमेशा ऐसी मिट्टी में लगाएं जो जल्दी पानी निकाल सके. गमले में ड्रेनेज होल होना जरूरी है ताकि एक्स्ट्रा पानी बाहर निकल जाए. इसे खिड़की के पास रखना अच्छा माना जाता है, जहां रोज कुछ घंटों की हल्की धूप मिल सके.
प्लांट को पानी तभी दें जब मिट्टी पूरी तरह सूख जाए. सप्ताह में एक बार पानी देना काफी होता है. नियमित कटिंग और सही देखभाल से जेड प्लांट लंबे समय तक खूबसूरत और स्वस्थ बना रहता है.