शादी का दिन हर लड़की के लिए बेहद खास होता है और इस मौके पर ब्राइडल ज्वेलरी उसके लुक में चार चांद लगा देती है. लेकिन अच्छी ज्वेलरी खरीदने के लिए हमेशा ज्यादा पैसा खर्च करना जरूरी नहीं होता. अगर सही बाजार की जानकारी हो, तो कम बजट में भी खूबसूरत, ट्रेंडी और बेहतरीन क्वालिटी की ब्राइडल ज्वेलरी आसानी से खरीदी जा सकती है. दिल्ली में कई ऐसे मशहूर बाजार हैं, जहां हर बजट और हर पसंद के हिसाब से ब्राइडल ज्वेलरी की शानदार रेंज उपलब्ध है.
चांदनी चौक और दरीबा कलां
ब्राइडल ज्वेलरी की बात हो और चांदनी चौक का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. यहां कुंदन, पोल्की और गोल्ड ब्राइडल सेट की सबसे ज्यादा वैरायटी देखने को मिलती है. कई दुकानों पर थोक कीमतों में भी ज्वेलरी उपलब्ध होती है, जिससे खरीदारी काफी किफायती हो जाती है.
चांदनी चौक के पास स्थित दरीबा कलां भी शादी की ज्वेलरी के लिए काफी प्रसिद्ध है. यह दिल्ली के सबसे पुराने सोना-चांदी बाजारों में शामिल है. यहां नेकलेस, मांग टीका, चूड़ियां और पारंपरिक डिजाइन की शानदार ज्वेलरी आसानी से मिल जाती है.
लाजपत नगर और सरोजिनी नगर
अगर आपका बजट कम है और आप स्टाइलिश ब्राइडल ज्वेलरी खरीदना चाहती हैं, तो लाजपत नगर और सरोजिनी नगर अच्छे विकल्प हैं. लाजपत नगर में कुंदन स्टाइल, मिरर वर्क और इमिटेशन ब्राइडल सेट की अच्छी रेंज मिलती है. वहीं सरोजिनी नगर में मेहंदी, संगीत और हल्दी जैसे फंक्शन के लिए ट्रेंडी आर्टिफिशियल ज्वेलरी बेहद कम कीमत में खरीदी जा सकती है.
डिजाइनर ज्वेलरी के लिए ये बाजार भी देखें
अगर आप डिजाइनर और प्रीमियम लुक वाली ज्वेलरी चाहती हैं, तो करोल बाग, साउथ एक्सटेंशन और ग्रेटर कैलाश भी बेहतरीन विकल्प हैं. करोल बाग में शादी के पूरे ज्वेलरी सेट आसानी से मिल जाते हैं. साउथ एक्सटेंशन में कई स्टोर लहंगे के अनुसार कस्टमाइज्ड ज्वेलरी भी तैयार करते हैं. वहीं ग्रेटर कैलाश मॉडर्न और हल्के डिजाइन वाली प्रीमियम ज्वेलरी के लिए जाना जाता है.
यूनिक डिजाइन के लिए जाएं किनारी बाजार और जनपथ
अगर आप कुछ अलग और खास डिजाइन की तलाश में हैं, तो किनारी बाजार और जनपथ जरूर जाएं. किनारी बाजार में पारंपरिक और हैंडक्राफ्टेड ज्वेलरी के साथ शादी से जुड़े कई एक्सेसरीज भी मिलते हैं. वहीं जनपथ ऑक्सीडाइज्ड, हैंडमेड और ट्रेंडी ज्वेलरी के लिए काफी लोकप्रिय है. इसके अलावा राजौरी गार्डन भी वेस्ट दिल्ली के लोगों के लिए अच्छा विकल्प है, जहां गोल्ड और आर्टिफिशियल दोनों तरह की ब्राइडल ज्वेलरी उपलब्ध है.
ये भी पढ़ें: