चटनी बनानी हो...रायता हो या फिर शिकंजी...पुदीना गुणों से भरपूर पौधा है, जिसका इस्तेमाल लगभग हर चीज में किया जाता है. अगर इसे सही समय और सही तरीके से लगाया जाए तो बहुत तेजी से बढ़ता है. आइए जानते हैं पुदीना कैसे लगाएं, उसकी देखभाल कैसे करें, कौन-सी खाद डालें.
पुदीना लगाने का सही समय है फरवरी-मार्च
पुदीना लगाने के लिए फरवरी से अप्रैल का समय सबसे अच्छा माना जाता है. इस दौरान मौसम न ज्यादा ठंडा होता है और न ही बहुत गर्म, जिससे जड़ों का विकास अच्छी तरह होता है. पुदीना को हल्की गर्मी और नमी वाला मौसम पसंद है.
कैसे लगाएं पुदीना
पुदीना बीज से भी उगाया जा सकता है, लेकिन इसे कटिंग या जड़ से लगाना ज्यादा आसान तरीका है. पुदीना लगाने के लिए 6 से 8 इंच गहरा गमला लें. मिट्टी में 50% बगीचे की मिट्टी, 25% रेत और 25% गोबर की खाद मिलाएं. कटिंग को 2-3 इंच गहराई में लगाएं और हल्का पानी दें. ध्यान रखें कि गमले में पानी निकासी के लिए छेद जरूर हों, क्योंकि पानी जमा होने से जड़ें सड़ सकती हैं.
पुदीना को जल्दी घना कैसे बनाएं
अगर आप चाहते हैं कि पुदीना का पौधा तेजी से फैले और घना हो जाए, तो समय-समय पर ऊपर से कटाई करते रहें. जब पौधा 5-6 इंच लंबा हो जाए, तो उसकी ऊपरी पत्तियां और टहनियां काट लें. इससे साइड से नई शाखाएं निकलती हैं और पौधा झाड़ीदार बनता है.
साथ ही, पौधे को ऐसी जगह रखें जहां उसे रोज 3-4 घंटे हल्की धूप मिले. बहुत तेज धूप पत्तियों को जला सकती है, जबकि पूरी छाया में पौधे की ग्रोथ कम हो सकती है.
पुदीना के लिए कौन सी खाद अच्छी है
पुदीना को नियमित नमी पसंद है, इसलिए मिट्टी को सूखने न दें. गर्मियों में रोज हल्का पानी देना पड़ सकता है, जबकि सर्दियों में जरूरत के अनुसार पानी दें.
हर 15-20 दिन में मिट्टी को हल्का सा गुड़ाई कर दें ताकि जड़ों को हवा मिलती रहे. अगर पत्तियां पीली पड़ने लगें, तो यह पोषक तत्वों की कमी का संकेत हो सकता है.
कीटों से बचाव के लिए नीम के तेल का छिड़काव महीने में एक बार करें. इससे पत्तियों पर लगने वाले कीड़े नियंत्रित रहते हैं.
पुदीना को तेजी से बढ़ाने के लिए नाइट्रोजन की पर्याप्त मात्रा जरूरी होती है. आप इसके लिए जैविक खाद का उपयोग कर सकते हैं.
इस्तेमाल की हुई चायपत्ती में मौजूद पोषक तत्व मिट्टी को उपजाऊ बनाते हैं और पौधे की बढ़वार में मदद करते हैं. हालांकि, ध्यान रखें कि चायपत्ती में चीनी या दूध न मिला हो.
हर महीने थोड़ी मात्रा में खाद डालना पर्याप्त होता है. ज्यादा खाद डालने से पौधा कमजोर भी हो सकता है.
पुदीना के फायदे
पुदीना सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है. आयुर्वेद में पुदीना को पाचन सुधारने वाला माना गया है. इसके सेवन से गैस, अपच और मतली जैसी समस्याओं में राहत मिलती है.
पुदीना में ठंडक देने वाले गुण होते हैं, जो गर्मियों में शरीर को राहत देते हैं. पुदीने की चाय सर्दी-जुकाम में फायदेमंद मानी जाती है. इसके अलावा, पुदीने का पेस्ट त्वचा पर लगाने से जलन और खुजली में आराम मिलता है.
ये भी पढ़ें: