Advertisement

Diwali Home Painting Ideas: दिवाली में घर को करवाना है पेंट? ट्राय करें ये 5 कलर कॉम्बिनेशन, एस्थेटिक लगेगा घर का कोना-कोना

दिवाली पर घर को नया और एस्थेटिक लुक देने के लिए सही कलर कॉम्बिनेशन चुनना बेहद जरूरी है. इस त्योहारी सीजन में आप व्हाइट और सेज ग्रीन, बेज और चॉकलेट ब्राउन, आइवरी और ऑलिव ग्रीन, बटर येलो और वार्म व्हाइट, तथा व्हाइट और वाइन जैसे खूबसूरत कॉम्बिनेशन ट्राय कर सकते हैं.

दिवाली पेंट कम्बिनेशन आइडिया
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 15 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:27 PM IST

दिवाली पर घर की सफाई के साथ अगर आप पेंट कराने की भी सोच रहे हैं, तो इस बार ऐसे ही कोई भी रंग चुनने के बजाय अपने घर को एक खास लुक देने की कोशिश करें. इसमें खर्च ज्यादा नहीं होगा, उतने ही खर्च में अगर समझदारी से पेंट करवाएंगे तो घर की दीवारें खुश हो उठेंगी. घर की दीवारों का रंग केवल देखने में ही अच्छा नहीं लगता, बल्कि आपके पूरे स्पेस का मूड को बदलने की भी ताकत रखता है. सही कलर कॉम्बिनेशन से छोटा-सा कमरा भी खुला और खूबसूरत लग सकता है, जबकि सादे से लिविंग रूम को भी रिच और क्लासी लुक दिया जा सकता है.

जरूरी नहीं कि घर को सुंदर बनाने के लिए हर दीवार पर गहरा रंग या महंगा वॉलपेपर लगवाया जाए. कभी-कभी व्हाइट, बेज, वाइन या सॉफ्ट ग्रीन जैसे रंगों का सही मेल ही घर को ऐसा लुक दे देता है, जो देखने में एस्थेटिक भी लगेगा और उसमें सुकून भी महसूस होगा. अगर आप भी चाहते हैं कि इस दिवाली आपका घर सिंपल, जॉयफुल, रिच, क्लासी या फिर पुराने जमाने की शाही खूबसूरती यानी ओल्ड मनी वाइब्स वाला दिखे, तो इन 5 कलर कॉम्बिनेशन पर विचार कर सकते हैं.

1. एस्थेटिक लुक के लिए व्हाइट और सेज ग्रीन
अगर आपको ऐसा घर पसंद है, जहां कदम रखते ही सुकून महसूस हो और हर कोना खूबसूरत लगे, तो ऑफ-व्हाइट और सेज ग्रीन का कॉम्बिनेशन ट्राई कर सकते हैं. सेज ग्रीन हल्का, म्यूटेड हरा रंग होता है, जिसमें थोड़ी ग्रे टोन भी नजर आती है. यह बहुत ज्यादा चटक नहीं लगता और कमरे को नेचुरल लुक देता है.

कैसे करें इस्तेमाल?
लिविंग रूम की ज्यादातर दीवारों पर ऑफ-व्हाइट रखें और सोफे के पीछे वाली एक दीवार को सेज ग्रीन से पेंट कराएं.

बेडरूम में ऑफ-व्हाइट दीवारों के साथ सेज ग्रीन का इस्तेमाल बेड के पीछे की दीवार पर किया जा सकता है.

लकड़ी के फर्नीचर, पर्दे, हरे पौधे और क्रीम रंग के कुशन इस कॉम्बिनेशन के साथ अच्छे लगेंगे.

खिड़कियों से आने वाली सूर्य की रोशनी इस कलर पैलेट को और खूबसूरत बना सकती है.

2. रिच और क्लासी लुक के लिए बेज और चॉकलेट ब्राउन
अगर आपको घर में ऐसा लुक चाहिए, जो महंगा और सलीकेदार दिखाई दे, तो बेज और चॉकलेट ब्राउन का पेंट घर में करवा सकते हैं. बेज मिट्टी जैसा न्यूट्रल रंग है, जबकि चॉकलेट ब्राउन गहरा भूरा रंग होता है. दोनों को साथ इस्तेमाल करने पर कमरे में गहराई आती है और इंटीरियर ज्यादा व्यवस्थित नजर आता है.

कैसे करें इस्तेमाल?
लिविंग रूम की मुख्य दीवारों पर वार्म बेज पेंट कराएं.

टीवी यूनिट के पीछे या सोफे के पीछे की दीवार पर चॉकलेट ब्राउन का इस्तेमाल करें. गहरे रंग को एक ही दीवार तक सीमित रखने से कमरा जरूरत से ज्यादा भारी नहीं लगेगा.

क्रीम रंग के पर्दे, ब्राउन वुडन फर्नीचर और गोल्डन डिटेलिंग इस लुक को और निखार देगी.

डाइनिंग एरिया में बेज दीवारों के साथ लकड़ी की टेबल और गर्म रोशनी वाले लैंप अच्छे लगेंगे.

3. ओल्ड मनी वाइब के लिए आइवरी और ऑलिव ग्रीन
ओल्ड मनी वाइब का मतलब ऐसा इंटीरियर, जो बिना बहुत ज्यादा चमक-दमक के भी क्लासी और टाइमलेस लगे. इसमें आमतौर पर न्यूट्रल रंग, गहरी लकड़ी, सॉफ्ट लाइटिंग और क्लासिक डिजाइन अच्छे लगते हैं. इस लुक के लिए आइवरी और ऑलिव ग्रीन का कॉम्बिनेशन चुन सकते हैं.

आइवरी, व्हाइट का थोड़ा गर्म और क्रीमी रूप है. वहीं ऑलिव ग्रीन में हरे रंग के साथ मिट्टी के रंग जैसी टोन होती है. डार्क वुड ब्राउन के साथ ये रंग पुराने बंगलों और क्लासिक इंटीरियर जैसी फील दे सकते हैं.

कैसे करें इस्तेमाल?
घर की मुख्य दीवारों पर आइवरी पेंट कराएं, ताकि कमरा खुला और रोशनी से भरा लगे.

स्टडी रूम, लाइब्रेरी कॉर्नर या लिविंग रूम की एक दीवार पर ऑलिव ग्रीन इस्तेमाल करें.

गहरे रंग की लकड़ी का फर्नीचर, क्लासिक फ्रेम, किताबों की शेल्फ और ब्रास फिनिश वाली छोटी डिटेलिंग इस लुक को पूरा कर सकती है.

अगर कमरा छोटा है, तो ऑलिव ग्रीन को सभी दीवारों पर लगाने के बजाय किसी एक हिस्से में इस्तेमाल करें और बाकी पर सफेद रंग करवाएं.

4. सिंपल और जॉयफुल लुक के लिए बटर येलो और वार्म व्हाइट
दिवाली रोशनी और खुशियों का त्योहार है, तो घर के रंगों में भी थोड़ी गर्माहट क्यों न शामिल की जाए? बटर येलो यानी मक्खन जैसा पीला रंग कमरे को खुशनुमा लुक दे सकता है. इसके साथ वार्म व्हाइट रखने से रंगों का संतुलन बना रहता है और दीवारें बहुत ज्यादा चटक नहीं लगतीं.

कैसे करें इस्तेमाल?
लिविंग रूम की एक दीवार पर बटर येलो और बाकी दीवारों पर वार्म व्हाइट रखें.

किचन या डाइनिंग एरिया में भी पीला रंग अच्छा लग सकता है, खासकर वहां जहां प्राकृतिक रोशनी आती हो.

पीच रंग के कुशन, क्रीम पर्दे और लकड़ी की छोटी सजावटी चीजों से कमरे में रंगों का अच्छा मेल बनाया जा सकता है.

दिवाली के दौरान दीये, फूल और गर्म रोशनी वाली लाइटें इस कॉम्बिनेशन के साथ खूबसूरत लगेंगी.

5. प्यार और क्लास दिखाने के लिए व्हाइट और वाइन
अगर आप घर को ऐसा लुक देना चाहते हैं, जिसमें प्यार, गर्माहट और क्लास तीनों नजर आएं, तो व्हाइट और वाइन का कॉम्बिनेशन चुन सकते हैं. वाइन गहरा लाल रंग होता है, जिसमें मरून और बरगंडी जैसी टोन नजर आती है. यह रंग अपने आप में काफी आकर्षक है. वहीं व्हाइट दीवारों के साथ वाइन रंग का मेल एक तरफ साफ-सुथरा लुक देता है, तो दूसरी तरफ गहरे रंग से कमरे में खूबसूरत कंट्रास्ट बनता है. यह कॉम्बिनेशन खासकर बेडरूम या लिविंग रूम में एक खास दीवार को उभारने के लिए अच्छा हो सकता है.

कैसे करें इस्तेमाल?
बेडरूम में बेड के पीछे वाली दीवार पर वाइन रंग कराएं और बाकी दीवारों को व्हाइट या हल्के क्रीम रंग में रखें.

लिविंग रूम में सोफे के पीछे की एक दीवार पर वाइन इस्तेमाल कर सकते हैं. बाकी दीवारों को हल्का रखने से कमरा संतुलित दिखेगा.

क्रीम या बेज पर्दे, हल्के रंग का सोफा और वुडन फर्नीचर इस कॉम्बिनेशन को और क्लासी बना सकते हैं.

गोल्डन फिनिश वाले छोटे लैंप या सजावटी सामान के जरिए त्योहार वाला लुक दिया जा सकता है, लेकिन बहुत ज्यादा गोल्डन डेकोर से बचें.

अगर आप चाहते हैं कि घर सिंपल भी रहे और उसमें एक रिच, रोमांटिक टच भी नजर आए, तो आप व्हाइट और वाइन का कॉम्बिनेशन चुन सकते हैं.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement