Advertisement

फ्रिज मैग्नेट नहीं, पूरा ऑटो रिक्शा ले गए ब्रिटेन, भारतीय सफर की यादों के लिए कपल ने किया अनोखा काम!

एक ब्रिटिश कपल को भारत की यात्रा इतनी पसंद आई कि उन्होंने अपने साथ यहां का एक ऑटो रिक्शा ही ब्रिटेन पहुंचा दिया. इस ऑटो के साथ कपल ने भारत की सड़कों पर 75 दिन बिताए और 4,218 किलोमीटर का सफर तय किया. अब यह ऑटो ब्रिटेन पहुंच चुका है और इसकी कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.

UK
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 1:20 PM IST

लोग जब विदेश घूमने जाते हैं तो वहां से याद के तौर पर फोटो, फ्रिज मैग्नेट या कुछ खास चीजें लेकर लौटते हैं. लेकिन एक ब्रिटिश कपल को भारत की यात्रा इतनी पसंद आई कि उन्होंने अपने साथ यहां का एक ऑटो रिक्शा ही ब्रिटेन पहुंचा दिया. इस ऑटो के साथ कपल ने भारत की सड़कों पर 75 दिन बिताए और 4,218 किलोमीटर का सफर तय किया. अब यह ऑटो ब्रिटेन पहुंच चुका है और इसकी कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.

ब्रिटेन के रहने वाले हेलेन और मिक नाम के कपल ने भारत घूमने के लिए एक बजाज ऑटो रिक्शा खरीदा था. लाल और काले रंग के इस ऑटो का रजिस्ट्रेशन तमिलनाडु के चेन्नई में हुआ था. कपल ने इसे प्यार से 'टिम्मी द टिन कैन' नाम दिया. इस ऑटो के सामने कार्टून जैसी आंखें और मुस्कुराता हुआ चेहरा भी बनाया गया था. इसकी वजह से यह सड़क पर लोगों का ध्यान खींचता था. कपल ने इसी ऑटो से 75 दिनों तक भारत के अलग-अलग शहरों और राज्यों की सैर की. इस दौरान उन्होंने कुल 4,218 किलोमीटर का सफर तय किया. उनकी यात्रा में आगरा और ताजमहल जैसी मशहूर जगहें भी शामिल रहीं.

भारत छोड़ते वक्त नहीं हुआ ऑटो से अलग होने का मन
भारत में अपनी यात्रा पूरी करने के बाद जब कपल के वापस ब्रिटेन लौटने का समय आया तो उनके सामने एक सवाल था कि अब इस ऑटो का क्या किया जाए. इतने दिनों तक साथ रहने के कारण टिम्मी उनके लिए सिर्फ एक गाड़ी नहीं, बल्कि यात्रा का खास साथी बन चुका था. आखिरकार उन्होंने इसे भारत में छोड़ने के बजाय ब्रिटेन ले जाने का फैसला किया. इसके लिए उन्होंने ऑटो को समुद्री रास्ते से भेजने की व्यवस्था की.



छह महीने बाद लंदन पहुंचा टिम्मी
ऑटो को ब्रिटेन पहुंचने में करीब छह महीने का इंतजार करना पड़ा. आखिरकार 23 अक्टूबर 2026 को यह लंदन गेटवे पोर्ट पहुंच गया. उद्योगपति हर्ष गोयनका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस अनोखी कहानी को साझा किया. उन्होंने लिखा कि भारतीय ऑटो रिक्शा भारतीय सड़कों से ब्रिटिश सड़कों तक पहुंच गया है. हालांकि, टिम्मी को अभी ब्रिटेन की सड़कों पर दौड़ने के लिए कुछ समय इंतजार करना होगा. हेलेन और मिक को स्थानीय कागजी कार्रवाई पूरी करनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि ऑटो ब्रिटेन के नियमों पर खरा उतरता है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement