चीन में एक शादीशुदा शख्स का 7 साल पुराना अफेयर तब कोर्ट तक पहुंच गया, जब पत्नी को पति के रिश्ते और पैसों के लेन-देन का हिसाब मिला. मामला इतना उलझा कि इसमें प्रेम कहानी से ज्यादा बीमा पॉलिसियां, लाखों रुपए के ट्रांसफर और होटल की मुलाकातें सामने आने लगीं. पत्नी का आरोप था कि पति ने शादीशुदा जिंदगी की कमाई का इस्तेमाल अपनी महिला मित्र पर किया. मामला सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ.
2017 में पत्नी ने पढ़े पति के मैसेज
दक्षिण चीन के गुआंग्शी प्रांत के लिउझोउ निवासी गुओ की शादी झेन से हुई थी. दोनों की दो साल की बेटी भी है. साल 2017 में झेन को पति के मोबाइल में एक महिला से चैट मिली. यह महिला ली थी, जो गुओ से 8 साल छोटी और इंश्योरेंस एजेंट थी. मैसेज में 'मैं तुम्हें मिस करती हूं' जैसी बातें थीं. इतना ही नहीं, गुओ ने ली को कई बार 520 युआन भी भेजे. चीन में 520 का इस्तेमाल कई बार 'आई लव यू' के अर्थ में किया जाता है. यानी पत्नी के सामने शक की पहली घंटी यहीं बज गई थी.
अस्पताल में मिली बीमा पॉलिसियों ने फिर बढ़ाया शक
कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. साल 2024 में झेन अस्पताल में भर्ती थीं. इसी दौरान उन्हें पता चला कि गुओ ने उनके और बेटी के नाम पर मेडिकल इंश्योरेंस पॉलिसियां खरीदी थीं. झेन ने जब पुराने लेन-देन और बीमा रिकॉर्ड खंगाले तो मामला और बड़ा निकला. उनके मुताबिक, गुओ ने करीब 7 साल में ली को 30 लाख युआन से ज्यादा रकम ट्रांसफर की थी.
50 से ज्यादा पॉलिसियां, 1 करोड़ युआन से ज्यादा प्रीमियम
रिकॉर्ड के मुताबिक गुओ ने ली के जरिए 50 से ज्यादा इंश्योरेंस पॉलिसियां खरीदीं. इन पॉलिसियों के लिए उसने 1 करोड़ युआन से ज्यादा का प्रीमियम भी भरा. इसी दौरान ली को अपनी इंश्योरेंस कंपनी में प्रमोशन भी मिला. झेन का आरोप था कि पति ने वैवाहिक संपत्ति का इस्तेमाल इन पॉलिसियों और कथित रिश्ते में किया. उन्होंने गुओ, ली और इंश्योरेंस कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर कर प्रीमियम वापस करने की मांग की.
बिजनेस मीटिंग थी... लेकिन होटल का हिसाब 180 पार
ली ने अफेयर के आरोपों से इनकार किया. उसका कहना था कि किसी क्लाइंट से होटल में मिलना अपने आप में गलत नहीं है और मुलाकातें बिजनेस के सिलसिले में थीं. लेकिन पुलिस रिकॉर्ड में गुओ के बयान ने कहानी को नया मोड़ दे दिया. गुओ ने कथित तौर पर माना कि वह ली के साथ 180 से ज्यादा बार होटल में ठहरा था. उसने यह भी बताया कि उसके पास एक दर्जन से ज्यादा प्रॉपर्टी हैं और वह आर्थिक परेशानी में नहीं था.
कोर्ट ने कहा- रिश्ता अनुचित, लौटाने होंगे करीब 9 लाख युआन
कोर्ट ने माना कि गुओ और ली के बीच अनुचित संबंध थे. अदालत ने ली को झेन को करीब 9 लाख युआन के गिफ्ट लौटाने और उस पर ब्याज देने का आदेश दिया. ली की दोबारा सुनवाई की मांग भी खारिज कर दी गई. हालांकि, बीमा पॉलिसियों को रद्द कराकर प्रीमियम वापस लेने का विवाद अभी अलग कानूनी प्रक्रिया में है. इंश्योरेंस कंपनी का कहना है कि गुओ ने लंबे समय तक सोच-समझकर पॉलिसियां खरीदीं और ये फैसले किसी दबाव में नहीं लिए गए थे.