केरल के कोझिकोड में एक जूते के शोरूम के उद्घाटन के दौरान भारी हंगामा हो गया. दुकान की तरफ से लोगों के लिए खास ऑफर रखा गया था. इस ऑफर की खबर सोशल मीडिया पर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग दुकान के बाहर जमा हो गए. भीड़ इतनी बढ़ गई कि स्थिति बेकाबू हो गई और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. दुकानदार ने 1 रुपये में जूते खरीदने का ऑफर दिया था.
जूते खरीदने के लिए 20 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे
घटना कोझिकोड के वैकोम मुहम्मद बशीर रोड पर स्थित 'ट्रेंड्स फैक्ट्री' नाम की दुकान के उद्घाटन के दौरान हुई. पुलिस के मुताबिक विज्ञापन देखने के बाद 20 हजार से ज्यादा लोग जूते खरीदने के लिए वहां पहुंच गए थे. कई लोग देर रात से ही दुकान के बाहर लाइन लगाकर खड़े थे. कुछ लोग तो रात 2 बजे के आसपास ही पहुंच गए थे.
पुलिस को करना पड़ा लाठी चार्ज
भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि इलाके में पैदल चलने वालों और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई. जैसे-जैसे लोग बढ़ते गए, धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई. हालात बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया गया. इस दौरान कई लोगों को मामूली चोटें भी आईं.
1 रुपये के नोट के बदले जूते
पुलिस ने बताया कि दुकान की तरफ से सोशल मीडिया पर यह प्रचार किया गया था कि उद्घाटन के दिन एक रुपए का नोट लाने वाले कस्टमर को जूते दिए जाएंगे. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि पहले 100 ग्राहकों को यह ऑफर दिया जाना था. हालांकि बड़ी संख्या में लोगों ने इस ऑफर को सच मानकर दुकान का रुख किया, जिसके कारण भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
दुकान के बाहर अफरा-तफरी का माहौल
दुकान के बाहर अफरा-तफरी के बीच कई जिलों से लोग यहां पहुंचे थे. पुलिस के मुताबिक मंगलूरु, त्रिशूर और वायनाड जैसे इलाकों से भी लोग जूते खरीदने के लिए आए थे. वायनाड से आए एक युवक ने बताया कि वह रात करीब ढाई बजे दुकान के पास पहुंचा, लेकिन तब तक वहां हजारों लोग पहले से मौजूद थे.
दुकान के मालिक को हिरासत में लिया गया
स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने दुकान के मालिक को हिरासत में ले लिया. पुलिस का कहना है कि दुकान के उद्घाटन के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे और बिना सही अनुमति के इतनी बड़ी भीड़ को आकर्षित करने वाला प्रचार किया गया. पुलिस ने फिलहाल दुकान के बाहर एक बोर्ड लगवाया है, जिसमें लिखा है कि स्थिति सामान्य होने तक दुकान बंद रहेगी.