पर्व-त्योहार पर लगभग हर घर में दही बड़ा बनाया जाता है. उड़द दाल से बना दही बड़ा खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगता है. हालांकि कई लोग दही बड़ा को सही तरीके से नहीं बना पाते हैं, जिसके चलते इसके असली स्वाद का आनंद नहीं आ पाता है. आज हम आपको घर पर फूला-फूला और मुलायम दही बड़ा बनाने के लिए इसमें क्या डालना चाहिए सहित पूरी रेसिपी बता रहे हैं. यदि आप इस विधि से दही बड़ा बनाएंगे तो घर के लोगों और मेहमानों का एक-दो दही बड़ा से मन नहीं भरेगा बल्कि वे इसे मांग-मांग कर खाएंगे.
डालें एक चुटकी बेकिंग सोडा फिर देखें कमाल
दही बड़ा अंदर से मुलायम और फूला-फूला बने इसके लिए बस आपको इसमें एक चुटकी बेकिंग सोडा डालनी है. इसके बाद दही और छाछ में दही बड़ा को डालने के बाद यह एकदम मुलायम हो जाएगा. उड़द दाल से बनने वाले दही बड़े में यदि बैटर सही तरह से फेंटा न जाए तो बड़े भारी और कड़े बन सकते हैं. ऐसे में एक चुटकी बेकिंग सोडा बैटर में मिलाने से उसमें हल्की हवा भर जाती है. इससे बड़े तलते समय अच्छे से फूलते हैं और अंदर से स्पंजी बनते हैं. ध्यान रहे, बेकिंग सोडा की मात्रा बहुत ज्यादा न हो, नहीं तो स्वाद खराब हो सकता है.
दही बड़ा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. उड़द दाल,
2. दही या छाछ
3. जीरा
5. हींग
6. सूखा धनिया पाउडर
7. हरी मिर्च
8. नमक
9. काली मिर्च
10. सरसों का तेल
दही बड़ा बनाने की विधि
दही बड़ा बनाने के लिए आपको सबसे पहले उड़द दाल को रात भर पानी में भिगोना जरूरी है ताकि दाल फूल जाए. इसके बाद इस दाल को बिना ज्यादा पानी डाले मिक्सी में पीस लें. बैटर गाढ़ा और स्मूद होना चाहिए. अब इस बैटर को अच्छे से फेंटें, जब बैटर हल्का और झागदार दिखने लगे, तब उसमें एक चुटकी बेकिंग सोडा और स्वादानुसार नमक मिलाएं. इसमें थोड़ा सा अदरक, हरी मिर्च, सूखा धनिया पाउडर और काली मिर्च डाल दें. अब चूल्हे या गैस को जलाएं और उस पर कढ़ाई चढ़ाएं. कढ़ाई में तेल डालें. तेल गर्म हो जाने के बाद हाथ या चम्मच की मदद से छोटे-छोटे बड़े डालें और सुनहरा होने तक तलें. तलने के बाद इन्हें सीधे गुनगुने पानी में 10-15 मिनट के लिए भिगो दें. इससे बड़े अतिरिक्त तेल छोड़ देंगे और और भी मुलायम हो जाएंगे. बाद में हल्के हाथ से दबाकर पानी निकाल लें.
दही या छाछ में भिगोना
बड़ा को बनाने के बाद उसे दही या छाछ में भिगोना होता है. दही बड़ा तभी स्वादिष्ट लगता है जब दही सही तरह से फेंटा गया हो. ताजा और गाढ़ा दही लें, उसे अच्छी तरह फेंटकर उसमें थोड़ा सा नमक मालकर फेंट लें. कुछ लोग इसमें हल्का सा चीनी भी डालते हैं. अब पानी में भीगे हुए बड़े दही में डाल दें और कम से कम आधे-एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दें ताकि दही बड़े के अंदर तक समा जाए. आप इसके ऊपर भुना जीरा पाउडर डाल दें. आप इस दही बड़ा को चाहें तो ऐसे भी खा सकते हैं, आप चाहें तो इसके ऊपर इमली की मीठी चटनी, हरी चटनी, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा काला नमक छिड़कर खा सकते हैं. आप चाहें तो अनार के दाने या सेव से भी दही बड़ा की सजावट कर सकते हैं.