Onion-Tomato chutney
Onion-Tomato chutney
चटनी सभी लोगों को पसंद आती है. यह किसी भी खाने के स्वाद को और बढ़ा देती है. आप चटनी को सुबह नाश्ते में पराठा के साथ, दोपहर में दाल-चावल के साथ और रात में रोटी-सब्जी के साथ खा सकते हैं. इसके अलावा चटनी को आप पकौड़े, डोसा या अन्य व्यंजनों के साथ भी खा सकते हैं. आज हम आपको होटल जैसी घर पर प्याज और टमाटर की चटनी बनाने की विधि बता रहे हैं.
इस स्वादिष्ट प्याज-टमाटर की चटनी को खाने के बाद सभी लोग अंगुलियां चाटते रह जाएंगे. अब देरी मत कीजिए झटपट बना लीजिए प्याज-टमाटर की चटनी. प्याज और टमाटर हर घर की रसोई में आसानी से मिल जाते हैं. टमाटर की हल्की खटास और प्याज की मिठास मिलकर यह चटनी ऐसा संतुलन बनाती है, जो मसालेदार खाने के साथ बेहतरीन लगता है.
प्याज-टमाटर की चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. प्याज
2. पके टमाटर
3. हरी मिर्च
4. लहसुन
5. सरसों का तेल
6. नमक
7. लाल मिर्च पाउडर
8. हींग
9. राई या जीरा
10. धनिया की पत्ती
प्याज-टमाटर की चटनी बनाने की विधि
प्याज-टमाटर की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले प्याज और टमाटर को लें. प्याज का छिलका उतारने के बाद उसे पानी में धो लें. टमाटर को भी धो लें. इसके बाद प्याज और टमाटर की बारकी काट लें. अब चूल्हे या गैस को जलाएं और उस पर कढ़ाही को चढ़ाएं. तेल जब गर्म हो जाए तो उसमें राई या जीरा डालें. इनके चटकते ही हींग और बारीक कटा लहसुन डाल दें. इसके बाद इन्हें सुनहरा होने तक भूनें. फिर इसमें कटी हुई हरी मिर्च और प्याज डालें. अब प्याज को मध्यम आंच पर तब तक भूनें जब तक वह हल्का गुलाबी न हो जाए.
आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि प्याज ज्यादा भूरा न हो, नहीं तो चटनी का स्वाद खराब हो सकता है. इतना होने के बाद कढ़ाई में कटे हुए टमाटर को डाल दें और नमक मिलाएं. आपको मालूम हो कि नमक डालने के बाद टमाटर जल्दी से गलेगा. अब कढ़ाई को ढककर टमाटर-प्याज को पांच से सात मिनट तक पकाएं. टमाटर एकदम नरम हो जाए और मसाला तेल छोड़ने लगे तो अंत में लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. फिर कढ़ाई को गैस या चूल्हे पर से उतार लें. टमाटर-प्याज और मासले का मिश्रण जब ठंडा हो जाए तो इसे मिक्सर में पीस लें. आप चाहें तो इसे हल्का दरदरा रखें या पूरी तरह चिकना बना लें. ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं. इस तरह से आपकी प्याज-टमाटर की चटनी बनकर तैयार हो गई है.
चटनी में लगा सकते हैं तड़का
यदि आप और ज्यादा प्याज और टमाटर की चटनी में स्वाद चाहते हैं तो इस चटनी पर अलग से तड़का लगा सकते हैं. इसके लिए एक छोटी पैन में थोड़ा तेल गर्म करें, उसमें राई, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालें. यह तड़का चटनी के ऊपर डाल दें. इससे खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं.
ऐसे झटपट बना सकते हैं चटनी
यदि आप झटपट चटनी बनाना चाह रहे हैं तो आप कच्ची प्याज और टमाटर की चटनी बना सकते हैं. इसके लिए सभी सामग्री जैसे प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, लहसुन, नमक और थोड़ा सा नींबू रस मिक्सर में डालकर पीस लें. इसमें सरसों का तेल ऊपर से मिलाने पर देसी स्वाद आता है. यह चटनी खासतौर पर दाल-चावल और बाजरे की रोटी के साथ खूब अच्छी लगती है. आपको मालूम हो कि टमाटर में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं. प्याज में प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं. कम तेल में बनी यह चटनी स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी ख्याल रखती है.