बचे हुए दही से इस तरह बनाएं कबाब, खुशबू से ही बढ़ जाएगी भूख

बचे हुए दही से बनाएं टेस्टी कबाब, जिसकी रेसिपी आज हम आपको बताने जा रहे हैं.

दही कबाब
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 11 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:16 PM IST

कबाब हर किसी को पसंद है, लेकिन बनाने में आफत आती है. ऐसे में कई बार घर में दही बच जाता है और समझ नहीं आता कि उसका क्या किया जाए. ऐसे में आप उसी दही से बेहद स्वादिष्ट और मुलायम कबाब बना सकते हैं. दही से बने ये कबाब खाने में बाहर से जितने कुरकुरे होते हैं, वह अंदर से उतने ही मुलायम होते हैं. अगर आप इसे घर पर बनाते हैं, तो ये चाय के साथ खाने के लिए या मेहमानों को सर्व करने के लिए यह एक बढ़िया स्नैक बन सकता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और घर में मौजूद सामान से ही तैयार हो जाता है.

कबाब बनाने का सामान

  • 1 कप गाढ़ा दही पानी निचोड़ कर
  • 2 उबले हुए आलू
  • आध कप ब्रेड क्रम्ब्स
  • 2 हरी मिर्च बारीक कटी
  • 1 छोटा प्याज बारीक कटा
  • 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
  • आध छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • आध छोटा चम्मच गरम मसाला
  • आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
  • नमक स्वादानुसार
  • 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
  • तलने के लिए तेल

दही को तैयार करने का तरीका
कबाब का स्वाद अच्छा बनाने के लिए सबसे जरूरी है कि दही गाढ़ा हो. अगर दही पतला है तो उसे एक साफ सूती कपड़े में डालकर 15-20 मिनट के लिए लटका दें, ताकि बचा हुआ पानी निकल जाए. जब दही अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तब उसे एक बड़े बाउल में निकाल लें. इससे कबाब का सही से बंधेगा और तलते समय टूटेगा नहीं.

कबाब का दूसरा स्टेप
अब उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश कर लें और दही वाले बाउल में डाल दें. इसके बाद इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन पेस्ट और हरा धनिया मिलाएं. फिर लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला और नमक डालकर सबको अच्छे से मिक्स कर लें.

अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके ब्रेड क्रम्ब्स मिलाएं ताकि कबाब सख्त हो जाए. ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत ज्यादा ढीला न रहे, नहीं तो कबाब बनाना मुश्किल हो जाएगा.

कबाब को आकार देकर पकाने का तरीका
तैयार कबाब के बैटर से छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल या टिक्की जैसा आकार दें. चाहें तो चपटा भी कर सकते हैं. अब एक पैन या तवा गर्म करें और उसमें थोड़ा सा तेल डालें.

जब तेल गर्म हो जाए, तब कबाब को धीरे-धीरे तवे पर रखें और मध्यम आंच पर सेंकें. दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक इन्हें पलटते रहें. लगभग 4-5 मिनट में कबाब अच्छे से पक जाते हैं.

गरमा-गरम दही कबाब को प्लेट में निकालें और ऊपर से थोड़ा चाट मसाला छिड़क दें. इन्हें हरी धनिया की चटनी, पुदीना चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसा जा सकता है.

 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED