कढ़ी एक ऐसी डिश है जो हर घर में बड़े चाव से खाई जाती है. लोग इसे खास तौर पर चावल के साथ खाना पसंद करते हैं. हर जगह इसे बनाने का तरीका थोड़ा अलग हो सकता है. कहीं लोग इसे टामाटर की ग्रेवी में पकाते हैं, तो कहीं खटास के लिए इमली या अमचूर में कढ़ी को पकाते हैं. लेकिन आज हम जो कढ़ी की रेसिपी आपको बनाना सिखाने जा रहे हैं, उसे आप अंगुलियां चाटकर खाएंगे. इसे दही से बनाई जाती है और इसे बनाना बेहद आसान है. यह तरीका आपके काम आ सकता है.
दही वाली कढ़ी के लिए चाहिए ये चीजें
इस कढ़ी को बनाने के लिए सबसे पहले दही ले लें. इसके साथ बेसन, हल्दी, लाल मिर्च, नमक और पानी की जरूरत होगी. तड़के के लिए तेल या घी, जीरा, राई, हींग, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता इस्तेमाल कर सकता है. अगर आपको प्याज या हरी मिर्च पसंद है तो इन्हें भी इसमें शामिल कर सकते हैं.
सबसे पहले तैयार करें दही का घोल
कढ़ी का स्वाद अच्छा रखने के लिए दही को अच्छी तरह फेंटना जरूरी है. एक बर्तन में दही और बेसन डालकर दोनों को अच्छी तरह मिला लें. इसमें हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालें. अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए इसे फेंटें, ताकि घोल में बेसन की गांठ न रह जाए. घोल न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला. इसे अच्छी तरह तैयार करने के बाद कुछ देर के लिए अलग रख दें.
अब कढ़ी को पकाने की बारी
एक कड़ाही या गहरे बर्तन में थोड़ा तेल या घी गर्म करें. इसमें जीरा और राई डालें. जब दोनों चटकने लगें तो हींग, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डाल दें. चाहें तो इस स्टेज पर हरी मिर्च और प्याज भी डालकर हल्का भून सकते हैं. अब तैयार किया हुआ दही-बेसन का घोल कड़ाही में डालें. इसे डालते समय लगातार चलाते रहें, ताकि दही फटे नहीं और बेसन नीचे चिपके नहीं.
धीमी आंच पर पकाएं
घोल डालने के बाद कढ़ी को मध्यम से धीमी आंच पर पकने दें. बीच-बीच में इसे चलाते रहें. धीरे-धीरे कढ़ी गाढ़ी होने लगेगी और इसमें मसालों का स्वाद अच्छी तरह घुल जाएगा. कढ़ी को तब तक पकाएं, जब तक उसका कच्चापन खत्म न हो जाए और ऊपर हल्की सी परत दिखाई देने लगे. जरूरत के हिसाब से इसमें पानी भी डाला जा सकता है.
चावल के साथ परोसें गरमा-गरम कढ़ी
जब कढ़ी अच्छी तरह पक जाए तो गैस बंद कर दें. इसे गर्मागर्म चावल के साथ परोसें. ऊपर से चाहें तो थोड़ा सा तड़का डालकर इसका स्वाद और बढ़ा सकते हैं. स्वाद बढ़ाने के लिए इसके साथ सलाद भी सर्व करें. दही से बनी यह कढ़ी बनाने में ज्यादा मुश्किल नहीं है, लेकिन खाने की टेबल पर इसका स्वाद जरूर लोगों को पसंद आ सकता है. एक बार घर पर बनाकर देखेंगे तो बार-बार खाने का मन करेगा.
ये भी पढ़ें