Advertisement

Diwali Burn First Aid: दिवाली पर पटाखे से जल जाए हाथ या स्किन, भूलकर भी न लगाएं ये चीजें... फौरन करें ये काम

दिवाली के मौके पर पटाखे से हाथ-पांव जलना बहुत आम होता है. कई बार लोग पटाखा जलाते समय कम ध्यान रखते हैं, जिसके चलते हात जल जाता है. ऐसे में लोग कोलगेट वगैराह जली हुई जगह पर लगा लेते हैं. पर कई बार ऐसा करना भी गलत साबित हो जाता है.

AI Generated Image
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 08 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 11:16 PM IST

दिवाली का त्योहार खुशियों और रोशनी से भरा होता है. इस दिन लोग घर सजाते हैं, मिठाइयां खाते हैं और पटाखे जलाकर जश्न मनाते हैं. लेकिन कई बार छोटी सी लापरवाही बड़ी परेशानी बन सकती है. पटाखे जलाते समय हाथ, पैर या शरीर का कोई हिस्सा जल सकता है. ऐसे में लोग अक्सर घरेलू नुस्खे अपनाने लगते हैं. कुछ लोग जली हुई जगह पर टूथपेस्ट, घी या बर्फ लगा देते हैं. लेकिन ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है. 

पटाखे से स्किन जल जाए तो तुरंत क्या करें?

पटाखे या दीये से स्किन जलने पर सबसे पहले व्यक्ति को आग से दूर करें. इसके बाद जले हुए हिस्से को करीब 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी के नीचे रखें. ध्यान रखें कि पानी बहुत ज्यादा ठंडा न हो. इससे जलन और दर्द कम करने में मदद मिल सकती है. साथ ही स्किन को ज्यादा नुकसान होने का खतरा भी कम होता है.

जली हुई जगह को कैसे ढकें?

पानी से ठंडा करने के बाद जले हुए हिस्से को साफ और ऐसे कपड़े से ढकें, जो घाव पर चिपके नहीं. अगर हाथ में अंगूठी, घड़ी या कंगन पहना है, तो सूजन आने से पहले उसे निकाल दें. लेकिन अगर कपड़ा स्किन से चिपक गया है, तो उसे जबरदस्ती न हटाएं. इससे घाव बढ़ सकता है.

क्या जली हुई स्किन पर टूथपेस्ट लगाना सही है?

कई लोग जलने पर तुरंत टूथपेस्ट लगा देते हैं. लेकिन डॉक्टर ऐसा करने से मना करते हैं. जली हुई जगह पर टूथपेस्ट, घी, तेल, हल्दी या बर्फ नहीं लगानी चाहिए. इनसे घाव खराब हो सकता है. अगर स्किन पर फफोले पड़ गए हैं, तो उन्हें फोड़ने की गलती भी न करें. इससे इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है.

अगर स्किन ज्यादा जल गई है, घाव गहरा है या चेहरा, हाथ और पैर प्रभावित हुए हैं, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं. सांस लेने में परेशानी होने पर भी अस्पताल जाएं. बच्चों के जलने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें.

पटाखे जलाते समय इन बातों का रखें ध्यान

दिवाली पर पटाखे जलाते समय सूती कपड़े पहनें और ढीले कपड़ों से बचें. बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें. आसपास पानी की बाल्टी रखें. दीये जलाते समय लंबे बाल बांध लें. थोड़ी सी सावधानी से दिवाली का त्योहार सुरक्षित और खुशहाल बनाया जा सकता है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement