Silver Jewellery Cleaning: छोटे-मोटे दाग हों या पूरी तरह काली पड़ी चांदी! ये घरेलू नुस्खे हैं ए-वन उपाय.. इन तरीकों से करें सफाई

सिल्वर जूलरी को घर बैठे ही एकदम नया जैसा बनाना काफी आसान है. फिर चाहे सॉफ्ट क्लीनिंग करनी हो या हार्ड, इन तरीकों के साथ आप आसानी के कर सकते हैं.

Silver Cleaning
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 01 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:16 PM IST

आजकल चांदी के गहनों का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है. चाहे ट्रेडिशनल आउटफिट हो या इंडो-वेस्टर्न लुक, सिल्वर जूलरी हर स्टाइल में खूबसूरती बढ़ा देती है. लेकिन नमी, पसीना और पॉल्यूशन के कारण ये गहने समय के साथ काले पड़ने लगते हैं. लेकिन टेंशन लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कुछ आसान घरेलू तरीकों से आप बहुत कम खर्च में अपनी जूलरी को फिर से नई जैसी चमक दे सकती हैं.

केमिकल रिएकशन से करें सफाई 
सिल्वर जूलरी को साफ करने का यह काफी आसान तरीका है. इसके लिए एक कटोरे में एल्युमीनियम फॉयल बिछाकर उस पर गहने रखें. फिर इसमें बेकिंग सोडा और थोड़ा नमक डालकर ऊपर से गर्म पानी डालें और कटोरे को ढक दें. कुछ ही मिनटों में केमिकल रिएक्शन के कारण जूलरी का कालापन हटने लगता है. 5-10 मिनट बाद गहनों को निकालकर साफ पानी से धो लें और मुलायम कपड़े से पोंछकर चमका लें.

टूथपेस्ट से हल्के दाग करें साफ
टूथपेस्ट एक हल्का अब्रेसिव क्लीनर की तरह काम करता है, जो छोटे-मोटे दाग हटाने में मदद करता है. इसके लिए सफेद टूथपेस्ट को किसी मुलायम ब्रश या कपड़े पर लगाकर जूलरी को धीरे-धीरे साफ करें. बाद में पानी से धोकर सूखे कपड़े से पॉलिश कर लें. इससे गहनों की चमक वापस आ जाती है.

सिरका और बेकिंग सोडा का अटैक
अगर जूलरी ज्यादा काली हो गई है, तो यह तरीका काफी कारगर साबित हो सकता है. आधा कप सिरके में दो बड़े चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर एक घोल तैयार करें और उसमें जूलरी को 2-3 घंटे के लिए भिगो दें. इसके बाद गहनों को निकालकर साफ पानी से धो लें और अच्छी तरह सुखा लें. यह उपाय गहनों की चमक को फिर से निखार देता है.

दही या मलाई से करें नाजुक सफाई
नाजुक और पॉलिश वाली सिल्वर जूलरी के लिए यह एक सेफ तरीका है. गहनों को 5-10 मिनट के लिए दही या मलाई में डुबोकर रखें. फिर मुलायम ब्रश से हल्के हाथों से साफ करें और गुनगुने पानी से धोकर सुखा लें. इससे जूलरी की सफाई के साथ-साथ उसकी चमक भी बरकरार रहती है.

 

Read more!

RECOMMENDED