मेरठ का नाम आते ही अगर आपके दिमाग में गरमा-गरम चाय और उसके साथ मिलने वाली कुरकुरी नानखटाई का स्वाद घूमने लगे, तो आप अकेले नहीं हैं. ऊपर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम नानखटाई मेरठ के खास बेकरी आइटम्स में शामिल है. घी, मैदा, बेसन और चीनी से तैयार इसका देसी स्वाद चाय की चुस्की के साथ और भी खास लगता है. लेकिन इसके लिए हर बार मेरठ के बाजार या किसी दुकान का रुख करने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान सामग्री और सही तरीके से आप घर पर भी ऐसी नानखटाई बना सकते हैं, जो स्वाद में बाजार वाली नानखटाई को टक्कर देगी. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
नानखटाई बनाने के लिए सामग्री
नानखटाई बनाने के लिए 1 कप मैदा, आधा कप बेसन, आधा कप पिसी हुई चीनी, आधा कप घी, आधा चम्मच बेकिंग पाउडर और थोड़ी सी इलायची पाउडर लें. सजाने के लिए बादाम या पिस्ता के छोटे टुकड़े रख सकते हैं. ध्यान रखें कि घी बहुत ज्यादा पिघला हुआ न हो.
ऐसे तैयार करें नानखटाई का आटा
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा, बेसन और बेकिंग पाउडर को अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें पिसी हुई चीनी और इलायची पाउडर डालें. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा करके घी डालते हुए मिश्रण को हाथ से मिलाएं. इसे तब तक मिलाएं जब तक सारी सामग्री एक साथ आने न लगे. आटा न तो बहुत सख्त होना चाहिए और न ही बहुत ढीला. अगर मिश्रण सूखा लगे तो थोड़ा घी और डाल सकते हैं.
गोल आकार देकर लगाएं बादाम-पिस्ता
तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. इन्हें हथेली से हल्का दबाकर गोल और थोड़ा चपटा आकार दें. ऊपर चाकू से हल्का निशान बनाकर बादाम या पिस्ता के टुकड़े लगा दें. इसके बाद सभी नानखटाई को बेकिंग ट्रे पर थोड़ी दूरी बनाकर रखें.
170 से 180 डिग्री पर करें बेक
ओवन को पहले से 170 से 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट कर लें. अब नानखटाई को करीब 12 से 18 मिनट तक बेक करें. जब ऊपर से हल्का सुनहरा रंग नजर आने लगे तो इन्हें बाहर निकाल लें. बहुत ज्यादा भूरा होने तक बेक न करें. बाहर निकालने के बाद इन्हें अच्छी तरह ठंडा होने दें.
चाय के साथ करें सर्व
ठंडी होने के बाद मेरठ जैसी नानखटाई को चाय या दूध के साथ सर्व कर सकते हैं. अगर इसे कुछ दिनों तक रखना है तो पूरी तरह ठंडा होने के बाद एयर टाइट डिब्बे में रखें. ध्यान रखें कि डिब्बे में नमी न जाए, वरना नानखटाई जल्दी नरम हो सकती है.
ये भी पढ़ें: