ayam cemani chicken
ayam cemani chicken
अंडा सुनते ही आमतौर पर हमारे दिमाग में प्रोटीन और हेल्दी डाइट का ख्याल आता है. लेकिन क्या आपने कभी ऐसी मुर्गी के बारे में सुना है, जिसकी कीमत एक अच्छी मोटरसाइकिल या कार जितनी हो सकती है? जी हां, इंडोनेशिया की आयाम सेमानी (Ayam Cemani) ऐसी ही दुर्लभ मुर्गी है. इसे दुनिया की सबसे अनोखी नस्लों में गिना जाता है और इसकी खासियत के कारण इसे 'लैंबोर्गिनी ऑफ चिकन' भी कहा जाता है. इसकी कीमत और अंडों की खासियत इसे आम मुर्गियों से बिल्कुल अलग बनाती है.
पूरी तरह काले रंग की होती है यह मुर्गी
आयाम सेमानी मुर्गी को देखकर पहली नजर में ही इसकी अलग पहचान हो जाती है. इसके पंख, त्वचा, पैर, मांस और यहां तक कि हड्डियां और अंदरूनी अंग भी गहरे काले रंग के होते हैं. इसके पीछे फाइब्रोमेलानोसिस नाम का जेनेटिक बदलाव जिम्मेदार है. इसकी वजह से शरीर में मेलेनिन पिगमेंट का उत्पादन बहुत ज्यादा होता है, जिससे इसका शरीर काला दिखाई देता है.
आयाम सेमानी को लेकर एक दिलचस्प बात यह है कि इसके अंडे मुर्गी की तरह काले नहीं होते. इनके अंडे आमतौर पर हल्के क्रीम या ऑफ-व्हाइट रंग के होते हैं. हालांकि, यह नस्ल दुर्लभ होने के कारण इसके अंडों की कीमत सामान्य अंडों की तुलना में काफी ज्यादा हो सकती है.
क्या इसका अंडा ज्यादा पौष्टिक है?
आयाम सेमानी के अंडे को लेकर कई जगहों पर इसे ज्यादा प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट वाला सुपरफूड बताया जाता है. हालांकि, इन दावों को लेकर मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण सीमित हैं. इसलिए इसे सामान्य अंडे से कई गुना ज्यादा हेल्दी मानना सही नहीं होगा. अंडे में प्रोटीन, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्व जरूर पाए जाते हैं.
शौकीनों के लिए है लग्जरी ब्रीड
आयाम सेमानी मुर्गी कम संख्या में अंडे देती है और इसकी ब्रीडिंग भी आसान नहीं मानी जाती. इसकी दुर्लभता और अनोखे रूप के कारण दुनिया के कई हिस्सों में इसे शौक के तौर पर पाला जाता है. बड़े फार्म हाउस और ब्रीडिंग के शौकीन लोगों के बीच इसकी खास मांग है. यही वजह है कि इसे सिर्फ मुर्गी नहीं, बल्कि लग्जरी और स्टेटस सिंबल के तौर पर भी देखा जाता है.
ये भी पढ़ें: