Ganpati 5 Minutes Bhoog Idea
Ganpati 5 Minutes Bhoog Idea
गणेश चतुर्थी पर बप्पा का अगमन हो चुका है. पंडाल से लेकर जिन-जिन घरों में बप्पा विराजमान हैं, उन घरों की रौनक आने वाले 10 दिनों के लिए अलग हो जाती है. इस त्योहार को भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मुख्य रूप से मनाया जाता है. बप्पा के स्वागत से लेकर रोज उनकी पूजा और उन्हें भोग लगाने का अपना अलग महत्व होता है. अगर इस बार आप बाजार की मिठाई की जगह कुछ घर पर ही बनाकर गणपति को भोग लगाना चाहती हैं, तो ये 5 मिठाइयां ट्राई कर सकती हैं. इनमें मोदक से लेकर लड्डू तक ऐसे ऑप्शन हैं, जिन्हें घर पर आसानी से बनाकर भोग लगाया जा सकता है.
1. सबसे पहले बनाएं नारियल-गुड़ के मोदक
बनाने का सामान
1 कप चावल का आटा,
1 कप कद्दूकस किया नारियल,
तीन चौधाई कप गुड़,
थोड़ा घी और इलायची पाउडर.
बनाने का तरीका-
सबसे पहले कड़ाही में नारियल और गुड़ डालकर धीमी आंच पर पकाएं. मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो इसमें इलायची डालकर गैस बंद कर दें. अब चावल के आटे को गर्म पानी की मदद से नरम आटे जैसा गूंथ लें. इसकी छोटी लोई बनाकर बीच में नारियल-गुड़ की फिलिंग रखें और मोदक का आकार दें. इन्हें स्टीमर में करीब 10-12 मिनट तक पकाएं और तैयार मोदक बप्पा को भोग में लगाएं.
2. बेसन के लड्डू भी रहेंगे खास
बनाने का सामान
2 कप बेसन,
आधा कप घी,
1 कप पिसी चीनी,
इलायची पाउडर और कटे हुए काजू-बादाम.
बनाने का तरीका-
कड़ाही में घी गर्म करके बेसन डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. बेसन का रंग हल्का सुनहरा होने और खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें. इसे थोड़ा ठंडा होने दें और फिर पिसी चीनी, इलायची और मेवे मिला दें. मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर हाथों से गोल-गोल लड्डू बना लें.
3. झटपट बनाएं नारियल के लड्डू
बनाने का सामान
2 कप सूखा नारियल,
आधा कप कंडेंस्ड मिल्क और थोड़ी इलायची पाउडर.
बनाने का तरीका-
कड़ाही में नारियल और कंडेंस्ड मिल्क डालकर धीमी आंच पर मिलाएं. मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे तो इसमें इलायची डाल दें. गैस बंद करके मिश्रण को थोड़ा ठंडा करें. अब हाथों पर हल्का घी लगाकर छोटे-छोटे लड्डू बना लें और ऊपर से नारियल का बुरादा लगा दें.
4. रवा लड्डू से लगाएं बप्पा को भोग
बनाने का सामान
1 कप रवा,
आधा कप चीनी,
आधा कप घी,
थोड़ा दूध,
इलायची और काजू-बादाम.
बनाने का तरीका-
सबसे पहले घी में रवा को धीमी आंच पर अच्छी तरह भून लें. इसमें इलायची और कटे हुए मेवे डालकर मिलाएं. अब चीनी डालें और जरूरत के हिसाब से थोड़ा दूध मिलाकर मिश्रण को बांधने लायक करें. हाथ से गोल आकार देकर लड्डू तैयार करें और पूजा के बाद बप्पा को भोग लगाएं. रवा लड्डू त्योहारों में आसानी से बनने वाली मिठाइयों में शामिल है.
5. आटे के मोदक से करें कुछ अलग
बनाने का सामान
1 कप गेहूं का आटा,
आधा कप मावा,
गुड़ या चीनी,
नारियल का बुरादा,
इलायची और थोड़ा घी.
बनाने का तरीका:
सबसे पहले घी में गेहूं के आटे को धीमी आंच पर भूनें. अलग पैन में मावा, नारियल, गुड़ और इलायची डालकर मिश्रण तैयार करें. अब आटे को इस मिश्रण के साथ मिलाकर थोड़ा ठंडा करें. तैयार मिश्रण को मोदक के सांचे में दबाकर आकार दें या हाथ से भी मोदक बना सकती हैं. इस तरह बप्पा के लिए पारंपरिक मोदक से थोड़ा अलग भोग तैयार हो जाएगा.
ये भी पढ़ें