Sweet Potato Kheer: आपने व्रत और उपवास में साबूदाना या मखाने की खीर तो खाई होगी क्या आपने शकरकंद की खीर खाई है? यदि नहीं तो हम आपको शकरकंद की खीर बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं. इस खीर को बनाकर आप नवरात्रि के व्रत दौरान खा सकते हैं. पोषण से भरपूर यह खीर आपको पूरे दिन एनर्जेटिक रखेगी. आप इस खीर को सिर्फ व्रत के दौरान ही नहीं बल्कि कभी भी बनाकर खा सकते हैं. शकरकंद की खीर स्वाद में रबड़ी जैसी लगती है. इस खीर को खाने के बाद शरीर को भरपूर ताकत मिलती है.
शकरकंद की खीर बनाने के लिए जरूरी सामग्रीशकरकंद की खीर बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. शकरकंद: उबले और मैश किए हुए तीन से चार शकरकंद.
2. दूध: आधा से एक लीटर फुल क्रीम दूध.
3. चीनी या गुड़ का पाउडर: आप अपने स्वाद के अनुसार 3-4 चम्मच ले सकते हैं.
4. इलायची पाउडर: खुशबू और स्वाद के लिए आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर.
5. कटे हुए मेवे: दो बड़े चम्मच (बादाम, काजू, पिस्ता और किशमिश)
6. देसी घी: एक छोटा चम्मच
7. नारियल: सूखा घिसा हुआ नारियल
ऐसे बनाएं शकरकंद की खीर
शकरकंद की खीर बनाने के लिए आपको सबसे पहले शकरकंद को पानी से अच्छे से धोना होगा. इसके बाद चूल्हे या गैस को जलाकर कुकर में पानी डालकर इस शकरकंद को 2-3 सीटी आने तक उबाल लें. फिर ठंडा होने पर शकरकंद का छिलका अलग कर दें. इसके बाद इस शकरकंद को कद्दूकस या अच्छी तरह से मैश कर लें. ध्यान रखें कि इसमें कोई गांठ न रहे. इतना सब करने के बाद अब गैस या चूल्हे को एक बार फिर जलाएं और उस पर एक भारी तले वाला पैन या कड़ाही को चढ़ाएं. उसमें एक चम्मच देसी घी गर्म करें. इसमें मैश किया हुआ शकरकंद डालें और दो से तीन मिनट तक धीमी आंच पर हल्का भून लें. घी में भूनने से खीर में एक बहुत ही सोंधा और लाजवाब स्वाद आता है.
शकरकंद जब हल्का घी में तल जाए और उसमें अच्छी खुशबू आने लगे तो इसमें धीरे-धीरे दूध डालें. दूध डालते समय कलछी से लगातार चलाते रहें ताकि यह चिपके नहीं और अच्छे से शकरकंद में मिक्स हो जाए. इतना सब करने के बाद गैस की आंच मीडियम कर दें और दूध में उबाल आने दें. दूध में उबाल आने के बाद खीर को पांच से सात मिनट तक गाढ़ा होने तक पकने दें. बीच-बीच में खीर को चलाते रहें. खीर जब गाढ़ी और एकदम क्रीमी लगने लगे तो इसमें अपने स्वाद के अनुसार चीनी या गुड़, कटे हुए ड्राई फ्रूट्स, सूखा घिसा हुआ नारियल और इलायची पाउडर डाल दें. इसके बाद इसे अच्छे से मिलाएं और चीनी घुलने तक पकने दें. इसके बाद गैस को बंद कर दें. इस तरह से पौष्टिक और स्वादिष्ट शकरकंद की खीर खाने की लिए तैयार हो जाएगी. आप चाहें तो इस खीर को गर्म खा सकते हैं या फिर इसे फ्रिज में रखकर ठंडा करक खा सकते हैं. ठंडी शकरकंद की खीर का स्वाद रबड़ी जैसा लगता है. शकरकंद की खीर खाने के बाद मजा आ जाएगा.