Advertisement

शादीशुदा जिंदगी छोड़ महिला सहकर्मी के साथ रहने लगी पत्नी, पति ने घर चलने को बोला तो खोल दिए राज

यूपी के गाजियाबाद में एक महिला अचानक घर से गायब हो गई. घरवालों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. उसकी तलाश करते रहे. एक दिन पता चला कि महिला अपनी महिला सहकर्मी के साथ खोड़ा में रह रही है. जब पति पहुंचा और घर चलने को कहा तो उसने महिला सहकर्मी के साथ रहने की बात कही.

Ghaziabad News (Photo: Representational)
मयंक गौड़
  • गाजियाबाद,
  • 14 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 4:57 PM IST

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 4 साल की शादी के बाद एक महिला ने पति से अलग होकर अपनी महिला सहकर्मी के साथ रहने का फैसला किया. महिला पिछले करीब एक महीने से अपनी साथी सहकर्मी युवती के साथ खोड़ा के वंदना एनक्लेव इलाके में किराए का कमरा लेकर रह रही थी. पत्नी के लापता होने के बाद गुमशुदगी दर्ज कराकर उसकी तलाश कर रहा पति रविवार को खोड़ा पहुंचा और उसे ढूंढ लिया. पति ने पत्नी को वापस साथ चलने के लिए कहा, लेकिन महिला ने अपने पति के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया और अपनी महिला सहकर्मी के साथ ही रहने की बात कही. महिला ने पति पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं.

एक ही कंपनी में काम करती हैं दोनों महिलाएं-
बताया गया कि प्रिया और नीलम एक ही निजी कंपनी में काम करती हैं. कंपनी में काम करने के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे उनकी नजदीकियां बढ़ गईं. इसी बीच महिला प्रिया और उसके पति के बीच विवाद होने लगा. 12 अगस्त को हुए विवाद के बाद प्रिया घर से चली गई. काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो पति ने ईकोटेक थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया.

खोड़ा में रहने की मिली जानकारी- 
नीलम के परिजन भी उसकी तलाश कर रहे थे. दोनों परिवारों को सोशल मीडिया के जरिए दोनों के खोड़ा में साथ रहने की जानकारी मिली. रविवार को परिवार के लोग खोड़ा पहुंचे तो वंदना एनक्लेव इलाके में दोनों एक साथ मिलीं जहां वह किराए के मकान में रह रही है. परिजनों ने उन्हें समझाने और घर वापस चलने के लिए कहा, लेकिन दोनों ने अलग होने से इनकार कर दिया. प्रिया ने पति के साथ जाने से भी मना कर दिया और नीलम के साथ ही रहने की बात कही.

पति पर लगाए मारपीट के आरोप-
पुलिस के मुताबिक, बातचीत के दौरान प्रिया ने पति के व्यवहार को ठीक नहीं होने की बात भी कही और उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया. हालांकि इस मामले में उसका मुख्य रुख नीलम के साथ रहने का ही रहा. देर शाम तक पुलिस की मौजूदगी में दोनों युवतियों और उनके परिजनों के बीच बातचीत चलती रही. वहीं, इस पूरे मामले एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement