आजकल खराब लाइफस्टाइल, धूल-मिट्टी और केमिकल वाले प्रोडक्ट्स की वजह से लोगों को बाल झड़ने, डैंड्रफ और रूखे बालों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में कई लोग नेचुरल उपायों की तरफ लौट रहे हैं. एलोवेरा भी उन्हीं घरेलू चीजों में से एक है, जिसका इस्तेमाल सालों से बालों की देखभाल के लिए किया जाता रहा है. इसमें मौजूद तत्व बालों को मजबूत बनाने और स्कैल्प को हेल्दी रखने में मदद करते हैं.
एलोवेरा बालों में नमी बनाए रखने का काम करता है. अगर आपके बाल रूखे और बेजान हो गए हैं, तो एलोवेरा उन्हें मुलायम और चमकदार बनाने में मदद कर सकता है. यह स्कैल्प को ठंडक देता है और खुजली या जलन जैसी परेशानियों को भी कम करने में सहायक माना जाता है. यही वजह है कि कई लोग इसे नेचुरल हेयर केयर रूटीन में शामिल करते हैं.
घर पर बनाएं एलोवेरा शैम्पू
अगर आप केमिकल वाले शैम्पू से बचना चाहते हैं, तो घर पर एलोवेरा शैम्पू तैयार कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए आपको आधा कप ताजा एलोवेरा जेल चाहिए होगा. इसके अलावा दो चम्मच माइल्ड लिक्विड कैस्टाइल सोप, एक चम्मच नारियल का दूध, एक चम्मच ऑलिव ऑयल या बादाम का तेल और 5 से 6 बूंद टी ट्री ऑयल की जरूरत पड़ेगी.
सबसे पहले एलोवेरा की पत्ती से जेल निकाल लें और उसे अच्छी तरह ब्लेंड कर लें. जब जेल स्मूद हो जाए, तब उसमें बाकी सारी चीजें मिलाएं. सभी सामग्री को अच्छे से मिक्स करें, ताकि मिक्सचर क्रीमी बन जाए. आपका घरेलू एलोवेरा शैम्पू तैयार है.
कैसे करेंगे इसे इस्तेमाल
इस शैम्पू को बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक अच्छे से लगाएं. इसके बाद हल्के हाथों से स्कैल्प की मसाज करें. करीब 10 से 15 मिनट तक इसे बालों में लगा रहने दें और फिर गुनगुने पानी से धो लें. बेहतर रिजल्ट के लिए हफ्ते में दो से तीन बार इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.
डैंड्रफ और हेयर फॉल में भी मददगार
अगर आपको बाल ज्यादा झड़ने, रूसी या स्कैल्प में खुजली की परेशानी है, तो एलोवेरा शैम्पू फायदेमंद साबित हो सकता है. यह स्कैल्प को गहराई से साफ करता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनाने में मदद करता है. एलोवेरा में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और अमीनो एसिड बालों को मजबूत बनाने में सहायक माने जाते हैं.