त्योहारों के मौसम में मिठाई की दुकान पर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर वहां मौजूद अधिकारी भी हैरान रह गए. जिस मिठाई को दुकानदार ग्राहकों को बेच रहा था, वही मिठाई जब SDM ने उसे खाने के लिए दी तो उसने साफ मना कर दिया. अधिकारी बार-बार कहते रहे कि मिठाई उसकी अपनी दुकान की है, लेकिन दुकानदार ने एक टुकड़ा तक मुंह में नहीं डाला. इसके बाद टीम ने मिठाई का सैंपल भर लिया और बाकी मिठाई फिंकवा दी. अब इस अजब-गजब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.
अपनी ही दुकान की मिठाई खाने से किया इनकार
मामला हमीरपुर के मौदहा कस्बे का है. यहां त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम मिठाई की दुकानों पर जांच करने पहुंची थी. इसी दौरान टीम मां वैष्णो जय भवानी स्वीट हाउस पर पहुंची. अधिकारियों ने दुकान में रखी मिठाइयों की जांच शुरू की. बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने सिल्वर वर्क लगी मिठाई का एक पीस दुकानदार अन्नी बाबा को खाने के लिए दिया. अधिकारियों ने कहा कि यह मिठाई उसी की दुकान की है, इसलिए इसे खाने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए. लेकिन दुकानदार ने मिठाई खाने से साफ मना कर दिया. अधिकारियों के बार-बार कहने के बावजूद उसने मिठाई का एक टुकड़ा तक नहीं खाया. यह देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए.
मिठाई का सैंपल लिया, फिंकवा दिया सामान
दुकानदार के मिठाई खाने से इनकार करने के बाद अधिकारियों ने मिठाई का सैंपल लिया. जांच के दौरान कुछ दुकानों पर साफ-सफाई की स्थिति भी खराब मिली. टीम को मिठाइयों में प्रतिबंधित सिल्वर वर्क के इस्तेमाल की भी जानकारी मिली. कई दुकानों से मिठाइयों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है.
त्योहारों से पहले प्रशासन सख्त
खाद्य विभाग के सहायक कमिश्नर गोरी शंकर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने कई दुकानों की जांच की. एसडीएम करनवीर सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर त्योहारों को देखते हुए मिलावट और गंदगी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों का उल्लंघन मिलने पर दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. छापेमारी की खबर फैलते ही मौदहा के दूसरे मिठाई दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दुकानदार ने अपनी ही दुकान की मिठाई खाने से क्यों मना किया. इसका जवाब तो जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा.
ये भी पढ़ें: