scorecardresearch

Balance Food Taste: खाना बनाते समय नमक या मिर्च हो जाए ज्यादा... तो फेंके नहीं, किचन की इन चीजों से बैलेंस करें स्वाद

Kitchen Tips: खाना बनाते समय कई बार अंदाज से नमक या मिर्च डालने पर मात्रा जरूरत से ज्यादा हो जाती है. ऐसे में पूरी डिश को फेंकने या दोबारा बनाने की जरूरत नहीं है. हम आपको बता रहे हैं कि किचन में मौजूद किन-किन चीजों की मदद से आप खाने में नमक और मिर्च का स्वाद बैलेंस कर सकती हैं.

Advertisement
How to Reduce Excess Salt and Chili in Food How to Reduce Excess Salt and Chili in Food

How to Reduce Excess Salt and Chili in Food: खाना बनाते समय सब्जी-दाल या किसी अन्य व्यंजन में नमक या मिर्च का ज्यादा पड़ जाना आम बात है.  ऐसे में आपको पूरी डिश को फेंकने या दोबारा बनाने की जरूरत नहीं है. हम आपको बता रहे हैं कि किचन में मौजूद किन-किन चीजों की मदद से आप खाने में नमक और मिर्च का स्वाद बैलेंस कर सकती हैं. हालांकि किसी भी चीज को एक साथ ज्यादा मात्रा में डालने के बजाय थोड़ा-थोड़ा इस्तेमाल करना जरूरी है.

टमाटर, नींबू या सिरका आएगा काम
यदि सब्जी में नमक कुछ ज्यादा हो गया है तो उसमें थोड़ी मात्रा में टमाटर की प्यूरी, नींबू का रस या सिरका मिलाया जा सकता है. इन चीजों का खट्टापन नमक के तेज स्वाद को संतुलित करने में मदद करता है. ध्यान रखें कि इनमें से किसी एक चीज का ही इस्तेमाल करना है. थोड़ा मिलाने के बाद सब्जी को अच्छी तरह पकाएं और फिर स्वाद चखें. जरूरत महसूस होने पर ही थोड़ी और मात्रा डालें. ध्यान रखें ज्यादा नींबू या सिरका डालने से डिश का स्वाद जरूरत से ज्यादा खट्टा हो सकता है.

सब्जी या ग्रेवी की मात्रा बढ़ा दें
यदि नमक काफी ज्यादा पड़ गया है तो डिश की मात्रा बढ़ाना सबसे आसान उपाय है. आप उसी सब्जी की थोड़ी मात्रा बिना नमक के तैयार करके पहले वाली सब्जी में मिला सकती हैं. इससे नमक और मसाले ज्यादा मात्रा में फैल जाएंगे और स्वाद सामान्य हो जाएगा. कुछ सब्जियों में उबला हुआ आलू मिलाने से भी मात्रा बढ़ाई जा सकती है. इससे नमक का असर कम हो जाता है. 

ग्रेवी में थोड़ा पानी डालें
करी, ग्रेवी या सूप में नमक अधिक हो जाए तो थोड़ी मात्रा में पानी मिलाया जा सकता है. पानी डालने से नमक पूरे मिश्रण में फैल जाता है और उसका तेज स्वाद कम हो जाता है. ध्यान रखें कि पानी एक साथ ज्यादा न डालें. थोड़ा पानी डालकर कुछ देर पकाएं और फिर स्वाद जांचें. यदि ग्रेवी पतली हो जाए तो उसे कुछ देर खुला पकाकर गाढ़ा किया जा सकता है.

एक चुटकी चीनी का कर सकती हैं इस्तेमाल
नमक का स्वाद ज्यादा तेज लग रहा हो तो एक छोटी चुटकी चीनी भी मददगार हो सकती है. चीनी का उद्देश्य डिश को मीठा करना नहीं, बल्कि स्वाद को संतुलित करना है. चीनी हमेशा बहुत कम मात्रा में डालें. अच्छी तरह मिलाकर स्वाद चखें और जरूरत पड़ने पर ही थोड़ी और मात्रा डालें. ज्यादा चीनी डालने से डिश का स्वाद बिगड़ सकता है.

मलाई या दूध से कम करें तीखापन
पनीर, मलाइदार सब्जी या क्रीमी ग्रेवी में नमक या मिर्च ज्यादा हो गई हो तो थोड़ी फ्रेश क्रीम या दूध मिलाया जा सकता है. इससे ग्रेवी का स्वाद हल्का और मुलायम हो जाता है. हालांकि दूध या क्रीम हर तरह की सब्जी में अच्छा नहीं लगता. ऐसे में इसका इस्तेमाल उन्हीं व्यंजनों में करें, जिनमें इसका स्वाद आसानी से घुल-मिल सके.

मिर्च ज्यादा पड़ जाए तो अपनाएं ये भी तरीके
अगर खाने में मिर्च ज्यादा हो गई है तो सब्जी या ग्रेवी की मात्रा बढ़ाना, थोड़ा पानी मिलाना या उपयुक्त डिश में दूध-क्रीम डालना उपयोगी हो सकता है. टमाटर भी तीखेपन को संतुलित करने में मदद कर सकता है. नींबू और सिरका का इस्तेमाल करके भी आप मिर्च का तीखापन कम कर सकती हैं.