Viral Video: Instagram/@thatsindhifoodie
Viral Video: Instagram/@thatsindhifoodie
बारिश की बूंदें गिर रही हों, सामने गरमागरम पकौड़े हों और साथ में एक कप चाय मिल जाए तो मौसम का मजा दोगुना हो जाता है. लेकिन अगर कोई कहे कि पकौड़े तलने वाली उसी कड़ाही में चाय भी उबाल रहे हैं, तो शायद आप भी एक बार आंखें मलकर देखेंगे. पाकिस्तान के एक स्ट्रीट वेंडर ने कुछ ऐसा ही जुगाड़ किया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. दुकानदार एक ही कड़ाही में पकौड़े तल रहा है और उसी में चाय का बर्तन रखकर उसे गर्म भी कर रहा है.
उबलते तेल में पकौड़े तले उसी में चाय भी उबाली
वायरल वीडियो में एक स्ट्रीट वेंडर पकौड़े और भजिया तलता दिखाई दे रहा है. इसके लिए कड़ाही में खौलता हुआ तेल भरा है. इसी दौरान दुकानदार ने चाय से भरा एक छोटा बर्तन भी गर्म तेल के बीच रख दिया. बर्तन पूरी तरह तेल में डूब न जाए, इसके लिए दुकानदार उसे चिमटे की मदद से पकड़कर रखता है.
कड़ाही में मौजूद गर्म तेल बर्तन की बाहरी सतह को गर्म करता है और इससे अंदर रखी चाय गर्म होकर उबलने लगती है. यानी एक तरफ तेल में पकौड़े छन रहे हैं और दूसरी तरफ उसी तेल की गर्मी से चाय तैयार हो रही है. दुकानदार ने एक ही समय में दो काम करने का यह तरीका देखकर सोशल मीडिया यूजर्स को हैरान कर दिया.
गैस और समय बचाने का निकाला अनोखा जुगाड़
वीडियो में दिखाई दे रहा यह तरीका देखने में भले ही अजीब लगे, लेकिन दुकानदार ने इसमें एक ही गर्मी के स्रोत का इस्तेमाल करते हुए दो चीजें तैयार करने का तरीका निकाला है. आमतौर पर चाय के लिए अलग बर्तन और अलग चूल्हे की जरूरत होती है, जबकि पकौड़े तलने के लिए अलग कड़ाही में तेल गर्म किया जाता है. यहां दुकानदार ने दोनों कामों को एक साथ करने की कोशिश की है. हालांकि, वीडियो में दिख रहे इस तरीके को देखकर घर पर इसे आजमाना सुरक्षित नहीं माना जा सकता. गर्म तेल बेहद खतरनाक होता है और चाय का बर्तन असंतुलित होने पर गंभीर जलने की दुर्घटना हो सकती है.
1 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया वीडियो
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @thatsindhifoodie नाम के हैंडल से शेयर किया गया है. पोस्ट होते ही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो को अब तक 1 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है. लोग दुकानदार के इस अनोखे जुगाड़ को देखकर हैरान होने के साथ-साथ मजेदार कमेंट्स भी कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे
वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोगों ने दुकानदार के इस प्रयोग को लेकर खूब मजे लिए. एक यूजर ने सवाल किया कि अगर गलती से चाय का बर्तन तेल में गिर गया तो क्या होगा. वहीं, दूसरे यूजर ने दुकानदार को सुपर जुगाड़ू बताते हुए इसे असली मल्टीटास्किंग कहा. एक अन्य यूजर ने मजाक में लिखा कि यह तो चाय का नया वर्जन है- डीप फ्राइड चाय.
ये भी पढ़ें: