scorecardresearch

बैक गियर में खतरनाक स्टंट, पुलिस बैरिकेडिंग को मारी टक्कर, वीडियो वायरल

यूपी के लखनऊ का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें पुलिस चेकिंग से बचने के लिए एक सफारी कार बैक गियर में तेजी से भागती है. इस दौरान कार पुलिस बैरिकेडिंग को टक्कर भी मार देती है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.

Advertisement
Lucknow News Lucknow News

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर विस्तार में पुलिस चेकिंग के दौरान एक खतरनाक नजारा देखने को मिला. चेकिंग से बचने के लिए एक सफारी ड्राइवर ने बीच सड़क पर खतरना स्टंट किया. ड्राइवर खतरनाक तरीके से बैक गियर में तेजी से गाड़ी लेकर भागा. इसका वीडियो सामने आया है.

वायरल वीडियो में क्या है?
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि चेकिंग से बचने के लिए एक सफारी चालक ने बीच सड़क पर खतरनाक करतब दिखाया. पुलिस को सामने देख चालक ने अचानक गाड़ी को बैक गियर में डालकर पूरी रफ्तार से उल्टी दिशा में दौड़ा दिया. इस दौरान पीछे लगी पुलिस बैरिकेडिंग टूटकर गिर गई. गनीमत रही कि उस वक्त गाड़ी के पीछे कोई राहगीर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.

कहां की है ये घटना?
यह सनसनीखेज मामला गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र के जी-20 रोड का है. मंगलवार को पुलिस टीम यहां नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी बीच पूरी तरह से काली फिल्म चढ़ी एक सफारी कार वहां पहुंची. गाड़ी के शीशे इतने काले थे कि अंदर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, जबकि आगे के शीशे पर अधिवक्ता का स्टीकर लगा हुआ था.

बैरिकेडिंग को टक्कर मारते हुए फरार-
संदेह होने पर जब पुलिसकर्मियों ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे तेजी से पीछे दौड़ा दिया. बैरिकेडिंग को टक्कर मारते हुए चालक ने चौराहे पर गाड़ी को तेजी से ड्रिफ्ट किया और पुल के रास्ते हवा में गायब हो गया. 

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस-
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है. गोमती नगर विस्तार थाना प्रभारी के मुताबिक, अज्ञात सफारी चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है.

ये भी पढ़ें: