Kitchen Garden: सुबह-शाम बनाएं हेल्दी चाय, सब्जी करेें गार्निश ताज़े धनिया के साथ.. जानें किन पौधों को लगाएं किचन गार्डन में?

घर में इन पौधों को उगाने से न केवल आपकी रसोई हमेशा ताजी सामग्री से भरपूर रहती है, बल्कि यह आपके घर के माहौल को भी हरा-भरा और सकारात्मक बनाता है.

Kitchen Garden
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:08 AM IST

अगर आपके घर में बड़ी बगिया नहीं है तो भी चिंता की कोई बात नहीं है. आजकल छोटी बालकनी, खिड़की के पास की जगह या रसोई के बाहर का कोई छोटा सा कोना भी आपके लिए एक मिनी गार्डन बन सकता है.

घर में उगाए गए पौधे न सिर्फ ताजगी और नेचुरल खुशबू देते हैं, बल्कि ये रोजमर्रा की कुकिंग में भी बेहद काम आते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इन पौधों को उगाने के लिए न तो ज्यादा जगह चाहिए और न ही बहुत मेहनत. छोटे गमले, कंटेनर या पुराने डिब्बों में भी ये आसानी से उग जाते हैं और जल्दी तैयार हो जाते हैं.

लोग अपने किचन गार्डन में कई तरह के पौधे उगाते है, लेकिन कैसा हो अगर आप अपने उस किचन गार्डन में कुछ ऐसे पौधे लगाएं जिसका इस्तेमाल सब्जी बनाने के दौरान किया जा सकें. जैसे किसी सब्जी को गार्निश करने के लिए पौधे से कुछ धनियां पत्तियां तोड़ी और गार्निश कर दिया. अगर आप ऐसे पौधे लगाना चाहते हैं, तो ये पौधे आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं.

चाय से लेकर बनाएं काढ़ा
तुलसी का पौधा लगभग हर भारतीय घर का हिस्सा होता है. इसकी पत्तियां चाय, काढ़ा और आयुर्वेदिक उपयोगों में बेहद लाभकारी होती हैं. साथ ही यह हवा को शुद्ध करने में भी मदद करता है, जिससे घर का वातावरण बेहतर रहता है.

गर्मियों में बनाएं टेस्टी चटनी
पुदीना एक ऐसा पौधा है जो बहुत तेजी से बढ़ता है और कम देखभाल में भी अच्छी तरह फलता-फूलता है. इसकी पत्तियां चटनी, रायता, सलाद और ठंडे पेय में ताजगी का स्वाद जोड़ देती हैं. इसे गमले या छोटे कंटेनर में भी आसानी से उगाया जा सकता है.

गार्निशिंग का उस्ताद
धनिया हर रसोई की जान है. इसकी हरी पत्तियां खाने को न केवल सजाती हैं बल्कि स्वाद और खुशबू भी बढ़ाती हैं. इसे बीज से उगाना बहुत आसान है और कुछ ही हफ्तों में ताजा पत्तियां मिलने लगती हैं.

तीखी है, पर जरूरी है
हरी मिर्च का पौधा छोटे गमलों में भी अच्छी तरह उग जाता है. अगर आप इसे घर पर लगाते हैं, तो आपको हर समय ताजी और बिना केमिकल वाली मिर्च मिलती रहेगी, जो खाने का स्वाद और भी बढ़ा देती है.

साउथ की डिश इसके बिना अधूरी
करी पत्ता खासतौर पर दक्षिण भारतीय और कई पारंपरिक भारतीय व्यंजनों में इस्तेमाल होता है. इसका पौधा धीरे-धीरे बढ़ता है, लेकिन एक बार अच्छी तरह लग जाने के बाद लंबे समय तक पत्तियां देता रहता है.

 

Read more!

RECOMMENDED