घर में लाल चीटियों का आना एक आम लेकिन परेशान करने वाली बात है, जो खासकर गर्मियों के मौसम में बढ़ जाती है. ये छोटी-छोटी चींटियां जल्दी ही किचन में रखे खाने के सामान की ओर लपक पड़ती हैं और देखते ही देखते पूरे घर में फैल जाती हैं.
आमतौर पर लोग बाजार में मिलने वाले केमिकल स्प्रे का इस्तेमाल करते हैं, जो असर तो जल्दी दिखाते हैं, लेकिन सेहत के लिहाज़ के ठीक नहीं होता. खासकर तब, जब उनका इस्तेमाल किचन जैसी जगहों पर किया जाए. ऐसे में सेफ घरेलू उपाय अपनाना ज्यादा समझदारी वाला ऑप्शन होता है.
घरेलू नुस्खे न सिर्फ सस्ते होते हैं, बल्कि पूरी तरह सेफ भी होते हैं. इनमें किसी तरह के जहरीले केमिकल का इस्तेमाल नहीं होता, जिससे बच्चों और पालतू जानवरों को भी कोई नुकसान नहीं होता. साथ ही, ये उपाय चीटियों को मारने के बजाय उन्हें दूर रखने पर फोकस करते हैं, जिससे परेशानी लंबे समय तक कंट्रोल में रहती है.
कैसे तैयार करें घरेलू असरदार स्प्रे
लाल चीटियों से छुटकारा पाने के लिए आपको किसी महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं है. आपकी रसोई में मौजूद तीन कॉमन चीजें, जिसमें सफेद सिरका, नींबू का रस और पानी शामिल है, इस काम के लिए काफी हैं. इसे तैयार करने के लिए एक स्प्रे बोतल लें और उसमें बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरका डालें. इसके बाद इसमें 1 से 2 चम्मच ताजा नींबू का रस मिलाएं. इन सभी चीजों को अच्छे से हिलाकर मिला लें, ताकि एक समान लिक्विड स्प्रे तैयार हो जाए.
किन तगह करें इस्तेमाल
तैयार स्प्रे को उन जगहों पर छिड़कें, जहां चींटियां ज्यादा नजर आती हैं. जैसे किचन काउंटर, सिंक के आसपास, खिड़कियों के कोने और दरवाजों के किनारे. सिरका और नींबू की तेज महक से चीटियों दूर भागती हैं, क्योंकि वह उसे बर्दाश्त नहीं कर पाती. इसलिए वह उस जगह दोबारा आने से बचती है. इस तरह से आप केमिकल वाले स्प्रे से भी दूर रहते हैं और सेहत पर भी कोई असर नहीं पड़ता. इसके अलावा चीटियों से भी छुटकारा मिलता है.