Sambhal murder case( Photo: Representational)
Sambhal murder case( Photo: Representational)
उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. हैरानी की बात ये है कि हत्या करने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस को चाबी सौंपते हुए बोला-'मैं पत्नी को मारकर आया हूं, शव घर में पड़ा है.'
घर में ही की बेरहमी से हत्या
यह घटना रजपुरा थाना क्षेत्र के सिंघौली कल्लू गांव की है. यहां रहने वाले दुर्गेश प्रजापति ने रविवार दोपहर अपनी पत्नी ज्योति प्रजापति की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि वार इतना जोरदार था कि मौके पर ही ज्योति की मौत हो गई.
हत्या के बाद खुद पहुंचा थाने
हत्या करने के बाद आरोपी ने घर के दरवाजे पर ताला लगाया और सीधे रजपुरा थाने पहुंच गया. वहां उसने पुलिस को घर की चाबी देते हुए बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और शव अंदर पड़ा है. यह सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम आरोपी को साथ लेकर उसके घर पहुंची. जब दरवाजा खोला गया तो अंदर ज्योति का शव पड़ा मिला. इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
एक साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, ज्योति मूल रूप से बदायूं जिले के जरीफनगर इलाके की रहने वाली थी. उसकी शादी करीब एक साल पहले दुर्गेश से हुई थी. शादी के बाद दोनों गांव में अलग मकान बनाकर रह रहे थे, लेकिन उनके बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होता रहता था.
पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद ही हत्या की वजह बना. हालांकि, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है. एएसपी कुलदीप सिंह के अनुसार, आरोपी खुद थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद किया. फिलहाल तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट- अभिनव माथुर
भी पढ़ें