Lauki Raita
Lauki Raita
गर्मी के मौसम में लौकी का खूब सेवन करना चाहिए. आज लौकी की सब्जी खा सकते हैं, लौकी का जूस पी सकते हैं. आप लौकी का रायता बनाकर खा सकते हैं. आज हम आपको लौकी का रायता बनाने की विधि बता रहे हैं. बस चंद मिनटों में यह रायता तैयार हो जाता है. लौकी का रायता खाने में तो स्वादिष्ट लगता ही है, यह हमारे शरीर के लिए भी फायदेमंद होता है.
लौकी का रायता शरीर को ठंडा रखने और पाचन को दुरुस्त करने में मदद करता है. लौकी का रायता खाने से पेट में गैस और कब्ज की समस्या नहीं होती है. यदि आप वजन कम करना चाह रहे हैं तो आपके लिए भी रायता बहुत फायदेमंद है क्योंकि इसमें कैलोरी कम और पोषण ज्यादा होता है.लौकी का रायता हार्ट के लिए भी अच्छा होता है. लौकी के रायता में मौजूद पोषक तत्व कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करते हैं. लौकी का रायता ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखने में सहायता करता है. लौकी का रायता शरीर को डिटॉक्स करने में भी मदद करता है. लौकी का रायता स्किन के लिए भी अच्छा होता है.
लौकी का रायता बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. एक लौकी (कद्दूकस किया हुआ)
2. एक कप ताजा दही
3. भुना जीरा पाउडर
4. दो हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
5. हरा धनिया
6. एक कप पानी
7. स्वादानुसार नमक
8. जरा सा काला नमक
9. लहसुन या पुदीना
10. काली मिर्च
ऐसे बनाएं लौकी का रायता
लौकी का रायता बनाने के लिए सबसे पहले एक ताजी लौकी लें और उसे छीलकर अच्छे से पानी में धो लें. इसके बाद इस लौकी को कद्दूकस कर लें. इतना सब करने के बाद चूल्हे या गैस को जलाएं और उसपर एक बर्तन में थोड़ा पानी डालकर कद्दूकस की हुई लौकी को हल्का उबाल लें. आपको मालूम हो कि लौकी को उबालते समय ज्यादा गलाना नहीं है, बस नरम करना है. लौकी को उबलने के बाद गैस को बंद कर दें. लौकी में से अतिरिक्त पानी निकाल लें और लौकी को ठंडा होने दें.
इसके बाद एक बाउल में ताजा दही को अच्छी तरह फेंट लें, ताकि वह स्मूद हो जाए. इसके बाद इस दही में उबली हुई लौकी डालें और अच्छे से मिलाएं. फिर इसमें भुना जीरा पाउडर, काली मिर्च, हरी मिर्च, नमक और काला नमक डालकर अच्छी तरह से मिला लें. अब ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं. कुछ लोग लहसुन या पुदीना भी डालते हैं. आप लौकी का रायता का स्वाद बढ़ाने के लिए तड़का भी लगा सकते हैं. इस तरह लौकी का रायता खाने के लिए तैयार है. यदि आप इस तरह से लौकी का रायता बनाएंगे या बनाएंगी तो घर वाले कोटरी भर-भर खाने के लिए मांगेंगे.