बच्चों को खाना खिलाना माता-पिता के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होता. खासकर जब थाली में हरी सब्जियां या रोज का घर का खाना हो, तो बच्चे खाने में नखरे करने लगते हैं. लेकिन नूडल्स का नाम सुनते ही उनका मन खाने के लिए तैयार हो जाता है. लेकिन क्यों न बच्चों की इसी पसंद को थोड़ा हेल्दी बना दिया जाए? बाजार में मिलने वाले मैदे के नूडल्स की जगह आप घर पर गेहूं के आटे से नूडल्स तैयार करके बच्चों को खिलाएं. इसमें अपनी पसंद की सब्जियां मिलाकर इसका स्वाद भी बढ़ाया जा सकता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती. आइए जानते हैं घर पर आटे के नूडल्स बनाने का आसान तरीका.
आटे के नूडल्स बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
1 कप गेहूं का आटा
1 छोटा चम्मच तेल
स्वादानुसार नमक
जरूरत के हिसाब से पानी
1 प्याज बारीक कटा हुआ
1 गाजर पतली लंबी कटी हुई
आधी शिमला मिर्च
थोड़ी सी पत्ता गोभी
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1 छोटा चम्मच सोया सॉस
आधा छोटा चम्मच काली मिर्च
थोड़ा सा टमाटर सॉस
जरूरत के अनुसार तेल
सबसे पहले तैयार करें नूडल्स का आटा
एक बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें थोड़ा नमक और एक छोटा चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा रोटी के आटे से थोड़ा सख्त होना चाहिए. इसे ढककर करीब 15 से 20 मिनट के लिए रख दें.
इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें पतली रोटी की तरह बेल लें. अब इन पर सूखा आटा लगाकर एक के ऊपर एक रखें. चाकू की मदद से लंबी और पतली पट्टियां काट लें. इस तरह घर पर नूडल्स तैयार हो जाएंगे.
उबालकर तैयार करें आटे के नूडल्स
एक बर्तन में पानी गर्म करें. पानी में थोड़ा नमक और कुछ बूंद तेल डाल दें. जब पानी उबलने लगे, तो उसमें तैयार नूडल्स डालें. इन्हें करीब 3 से 5 मिनट तक पकाएं. ध्यान रखें कि नूडल्स ज्यादा न पकें, वरना वे आपस में चिपक सकते हैं. पकने के बाद इन्हें छान लें और ऊपर से थोड़ा ठंडा पानी डाल दें.
सब्जियों के साथ ऐसे बनाएं स्वादिष्ट नूडल्स
अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर भूनें. इसके बाद प्याज, गाजर, शिमला मिर्च और पत्ता गोभी डालें. सब्जियों को तेज आंच पर हल्का पकाएं, ताकि उनका कुरकुरापन बना रहे.
अब इसमें सोया सॉस, टमाटर सॉस, काली मिर्च और स्वादानुसार नमक डालें. आखिर में उबले हुए नूडल्स मिलाकर अच्छी तरह चलाएं. दो से तीन मिनट तक पकाने के बाद गैस बंद कर दें.
नूडल्स को बच्चों की पसंद के हिसाब से कम मसालेदार रखें. अगर बच्चा सब्जियां खाने में आनाकानी करता है, तो गाजर, शिमला मिर्च और पत्ता गोभी को बारीक काटकर मिलाएं. छोटे बच्चों को परोसने से पहले नूडल्स को छोटे टुकड़ों में काट लें, ताकि उन्हें खाने में आसानी हो.
ये भी पढ़ें