Easy Tips To Clean Kadhai: किचन में कई चीजों को बनाने के लिए कड़ाही का इस्तेमाल किया जाता है. कड़ाही में बनी सब्जी हो या मटन-चिकन, सभी का स्वाद बढ़ जाता है. कड़ाही में तेल-मसालों की परतें जब जम जाती हैं तो इन्हें साफ करने में काफी परेशानी होती है. आज हम आपको कुछ टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप काली और जंग लगी कड़ाही को भी सिर्फ 2 मिनट में चमका सकती हैं.
कड़ाही का कालापन और चिकनापन ऐसे करें दूर
1. नमक और नींबू: कड़ाही का कालापन और चिकनापन दूर करने के लिए आप नमक और नींबू का इस्तेमाल कर सकती हैं. कड़ाही के काले हिस्से पर नींबू का रस निचोड़ें. इसके बाद इस पर थोड़ा नमक छिड़क दें. इसे कुछ देर के लिए ऐसे ही छोड़ दें. फिर स्क्रब या बर्तन धोने वाले ब्रश से रगड़ें. कड़ाही एकदम साफ हो जाएगी. आप कड़ाही में पानी डालकर उसे गैस पर चढ़ा दें. इसमें थोड़ा डिटर्जेंट पाउडर, नमक और नींबू का रस निचोड़कर मिला दें. इसके बाद गैस को हाई फ्लेम पर सेट करके पानी में उबाल आने दें. इससे कड़ाही में लगा कालापन छूट जाएगा और आपकी कड़ाही नई जैसी दिखने लगेगी.
2. बेकिंग पाउडर और कास्टिक सोडा: काली और जंग लगी कड़ाही को साफ करने के लिए आप बेकिंग पाउडर और कास्टिक सोडा का इस्तेमाल कर सकती हैं. गर्म पानी में दो चम्मच बेकिंग पाउडर और नमक डालकर उबालें. इसके बाद इस पानी में कड़ाही को भिगो दें. कुछ देर बाद टूथब्रश से रगड़ने पर कड़ाही साफ हो जाएगी. कास्टिक सोडा से कड़ाही को साफ करने के लिए आपको गर्म पानी में कास्टिक सोडा मिलाकर उसमें कड़ाही को भिगो दें. कुछ देर बाद टूथब्रश से रगड़ने पर कड़ाही का कालापन साफ हो जाएगा. गुनगुने पानी से धोकर कड़ाही को साफ करें.
3. सरसों का तेल: काली और जंग लगी कड़ाही को आप सरसों के तेल से भी साफ कर सकती हैं. सबसे पहले कड़ाही को थोड़ा गर्म करें. इसके बाद इसमें कुछ बूंदें सरसों के तेल की डालें. फिर सूखे आटे से रगड़कर तेल को हटाएं. इससे न सिर्फ दाग निकल जाएंगे बल्कि कड़ाही की चमक भी बरकरार रहेगी.
4. सिरका और नींबू: काली और जंग लगी कड़ाही को साफ करने के लिए आप सफेद सिरका और नींबू का इस्तेमाल कर सकती हैं. पानी में नींबू का रस और एक कप सिरका मिला लें. अब कड़ाही को इस पानी में भिगोएं, फिर कुछ समय बाद सैंड पेपर, स्क्रब या टूथब्रश से रगड़ कर कड़ाही को साफ कर लें. इससे आपकी कड़ाही चमक जाएगी.
5. राख: आप लकड़ी, कोयला या कंडे की राख से भी कड़ाही को साफ कर सकती हैं. राख को पानी में मिलाकर पेस्ट बनाएं. इससे कड़ाही को रगड़कर साफ करें. इससे कड़ाही चमकने लगेगी.
6. टमाटर-इमली: काली और जंग लगी कड़ाही को साफ करने के लिए आप टमाटर और इमली का इस्तेमाल कर सकती हैं. कढ़ाई में टमाटर का पेस्ट या इमली का पानी डालकर उबाल लें. इसकी खटास जली परत को ढीला करती है और कड़ाही साफ हो जाती है.